PRAYAGRAJ NEWS: उप्र माध्यमिक शिक्षा परिषद प्रयागराज (यूपी बोर्ड ) ने आज 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षा 2026 का रिजल्ट घोषित कर दिया है। हाई स्कूल में 90.42 फीसदी और इंटरमीडिएट में 80.38 फीसदी बच्चे उत्तीर्ण हुए हैं। प्रयागराज के सिविल लाइंस में स्थित ज्वाला देवी सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज के तीन बच्चों ने टॉप टेन में जगह बनाई है। कक्षा 10 के छात्र आदर्श सिंह ने यूपी बोर्ड परीक्षा में 96.6 फीसदी अंक हासिल कर सातवां स्थान हासिल किया है। इसी स्कूल के रचित राजवेंद्र और शाश्वत बरौलिया ने 96.16 फीसदी अंक हासिल कर यूपी बोर्ड की मेरिट में दसवां स्थान हासिल किया है। एक ही विद्यालय के तीन छात्रों के मेरिट में स्थान बनाने पर विद्यालय में खुशी का माहौल है। ज्वाला देवी इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ राकेश सिंह और अन्य शिक्षकों ने मेरिट में स्थान बनाने वाले मेधावी छात्रों और अन्य छात्र छात्राओं का फूलमाला पहनाकर स्वागत किया है और मिठाई खिलाकर उनका मुंह मीठा कराया है। प्रधानाचार्य डॉ राकेश सिंह ने बताया कि बोर्ड परीक्षा के लिए छात्रों की खास तैयारी कराई गई थी। उनके लिए मॉडल पेपर शिक्षकों ने तैयार किए थे और एक्स्ट्रा क्लास भी चलाई गई थी। उन्होंने बताया कि पिछले कई वर्षों से उनके विद्यालय का रिजल्ट शत प्रतिशत रहता है और इस बार भी रिजल्ट शत प्रतिशत रहा है। यूपी बोर्ड के सचिव भगवती सिंह , जेडी आर एन विश्वकर्मा और डीआईओएस पीएन सिंह ने बधाई दी है। उन्होंने छात्रों के उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए आगे बढने के लिए प्रेरित किया है।







