समस्याओं के निस्तारण को बताई प्राथमिकता
PRAYAGRAJ NEWS: कोरांव तहसील में तहसीलदार रोशनी सोलंकी ने गुरुवार को अपने कार्यालय में जनसुनवाई की। उन्होंने फरियादियों की शिकायतें सुनीं और आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। इस दौरान बार एसोसिएशन के अध्यक्ष राम बहादुर सिंह ने तहसीलदार से अनुरोध किया कि मंगलवार और शुक्रवार को लेखपाल शत-प्रतिशत कार्यालय में मौजूद रहें। उनका कहना था कि इससे जनहित के कार्य सुचारु रूप से संपन्न हो सकेंगे। एक अन्य महत्वपूर्ण मुद्दे पर अधिवक्ता गजेंद्र प्रताप सिंह ने तहसीलदार को साजी गांव में एक तालाब को पाटकर उसका अस्तित्व समाप्त किए जाने की जानकारी दी। इस पर तहसीलदार ने तालाब की पैमाइश कराने का आश्वासन दिया। तहसीलदार सोलंकी ने बार एसोसिएशन के अध्यक्ष से न्यायिक कार्यों में सहयोग की अपील भी की। उनका उद्देश्य लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करना है।





