VARANASI NEWS: हरिश्चंद स्नातकोत्तर महाविद्यालय में रविवार को “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत बृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन महाविद्यालय की राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) एवं राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के उप प्राचार्य प्रो. विश्वनाथ वर्मा ने की। अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में उन्होंने कहा कि वृक्ष पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ मानव जीवन के अस्तित्व के आधार हैं। ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान प्रकृति और मातृत्व के प्रति सम्मान का प्रतीक है। प्रत्येक व्यक्ति को एक पौधा लगाकर उसके संरक्षण का संकल्प लेना चाहिए। वृक्षारोपण के साथ-साथ उनका संरक्षण भी हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। कार्यक्रम के संयोजक एनसीसी अधिकारी लेफ्टिनेंट डॉ. राम आशीष रहे। इस अवसर पर महाविद्यालय परिसर में आम, अमरूद, नीम, चाँदनी, गुड़हल तथा पीपल सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण किया गया तथा उनके संरक्षण का संकल्प लिया गया। इस अवसर पर प्रो. अशोक कुमार सिंह, डॉ. शिवानंद यादव, प्रो. बी. के. निर्मल, प्रो. संजय श्रीवास्तव, प्रो. जगदीश सिंह, प्रो. ओम शर्मा, प्रो. सत्येंद्र सिंह, प्रो. ऋचा सिंह, प्रो. अनीता सिंह, प्रो. प्रभाकर सिंह, प्रो. अनुपम शाही, डॉ. वंदना पांडे, डॉ. दुर्गेश यादव, डॉ. प्रज्ञा ओझा, डॉ. निधि, डॉ. सुमित, डॉ. आलोक सिंह तथा कार्यालय सहायक प्रमोद पाण्डेय सहित महाविद्यालय के सभी शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।







