MIRZAPUR NEWS: समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष देवी प्रसाद चौधरी के निर्देश पर पार्टी का प्रतिनिधिमंडल मंगलवार को जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार से मिला। प्रतिनिधिमंडल ने जिले की मिर्जापुर, छानबे, चुनार, मझवां और मड़िहान विधानसभा क्षेत्रों में मतदाता सूची के पुनरीक्षण/संशोधन के दौरान जिन मतदाताओं के नाम काटे गए, जोड़े गए, स्थानांतरित किए गए तथा जो मैपिंग अथवा लॉजिकल एरर की श्रेणी में दर्ज हैं, उनका स्पष्ट एवं प्रमाणिक विवरण उपलब्ध कराने की मांग की, ताकि आवश्यक जांच एवं सत्यापन किया जा सके। इसी क्रम में उपजिलाधिकारी सदर गुलाबचन्द्र से मझवां विधानसभा अध्यक्ष झल्लू यादव ने मझवां विधानसभा के जोड़े और काटे गए नामों की सूची मांगी। चुनार विधानसभा अध्यक्ष राणा प्रताप सिंह ने उपजिलाधिकारी चुनार राजेश वर्मा से चुनार विधानसभा की मतदाता सूची मांगी। वहीं, छानबे विधानसभा अध्यक्ष सोकिम अहमद ने उपजिलाधिकारी लालगंज से काटे और जोड़े गए नामों की मतदाता सूची मांगी। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि इस संबंध में निर्वाचन आयोग को पत्र लिखा जाएगा और 24 अप्रैल को जिलाधिकारी से शिकायत कर मतदाता सूची पर आपत्ति दर्ज कराई जाएगी। प्रतिनिधिमंडल में जिला महासचिव आदर्श यादव, झल्लू यादव, सोकिम अहमद, राणा प्रताप सिंह, कान्धा यादव, हरिशंकर यादव, जुम्मन खान आदि शामिल थे।







