आक्रोशित ग्रामीणों ने थाने के गेट पर शव रखकर किया हंगामा, गांव के कुछ लोगों पर जहरीला पदार्थ खिलाने का आरोप
KAUSHAMBI NEWS: सैनी कोतवाली क्षेत्र के त्रिलोकपुर गांव में शुक्रवार की सुबह एक युवक ने संदिग्ध दशा में जहरीला पदार्थ निगल लिया हालत बिगड़ने पर परिजन आनन फानन में इलाज के लिए जिला अस्पताल ले गए जहां चिकित्सकों ने प्रयागराज एसआरएन रेफर कर दिया जहां रास्ते में ही युवक की मौत हो गई। युवक की मौत के बाद ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। शुक्रवार को ग्रामीणों ने युवक का शव थाने के गेट के सामने रखकर जमकर हंगामा किया। मृतक की पहचान सैनी कोतवाली क्षेत्र के त्रिलोकपुर गांव निवासी धीरज कुमार( 25) पुत्र गामा भट्ट के रूप में हुई। परिजनों और ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान तथा उसके रिश्तेदारों पर युवक को कथित तौर पर जहर देकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। मृतक की मां का आरोप है कि बेटे धीरज की तबीयत बिगड़ने के बाद उसकी मौत हो गई। मामले की शिकायत लेकर जब मृतक की महिला परिजन थाने पहुंची तो आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने उसके साथ गाली-गलौज की और उसे थाने से भगा दिया। इससे ग्रामीणों में पुलिस के खिलाफ भी भारी नाराजगी फैल गई। ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस ने मामले में उनकी शिकायत को गंभीरता से नहीं लिया,जिसके बाद आक्रोशित ग्रामीण शव लेकर सैनी थाने पहुंच गए और थाने के मुख्य गेट पर शव रखकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। मृतक की मां ने त्रिलोकपुर गाँव के ही प्रधान प्रतिनिधि सहित गाँव के अन्य चार लोगों पर आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की मांग की। वहीं थाने के सामने हंगामे की सूचना मिलते ही सीओ सिराथू सत्येन्द्र तिवारी सहित थाना पुलिस परिजनों को समझाने में जुटी है। वहीं परिजन आरोपियों पर कार्यवाही करने के बाद ही शव को पोस्टमार्टम कराने की जिद पर अड़े है। पूर मामले में सीओ सिराथू सत्येन्द्र तिवारी का कहना है कि परिजनों से बातचीत जारी है। वो जिस हिसाब से तहरीर देंगे शव को पोस्टमार्टम भेजने के बाद पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद जांच कराकर कार्यवाही की जायेगी।







