Home उत्तर प्रदेश संचारी रोगों की रोकथाम शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता, सभी विभाग समन्वय के...

संचारी रोगों की रोकथाम शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता, सभी विभाग समन्वय के साथ निभाएं अपनी जिम्मेदारी डीएम

MIRZAPUR NEWS: (सुनील कुमार गुप्ता) जनपद में संचारी रोगों की रोकथाम एवं संचारी रोग नियंत्रण अभियान तथा दस्तक अभियान को प्रभावी एवं सफल बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद स्तरीय अंतर्विभागीय जिला समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने अभियान की तैयारियों, विभागवार दायित्वों एवं कार्ययोजना की विस्तृत समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि संचारी रोगों पर प्रभावी नियंत्रण केवल स्वास्थ्य विभाग के प्रयासों से संभव नहीं है, बल्कि इसके लिए सभी विभागों को आपसी समन्वय, सक्रिय सहभागिता एवं उत्तरदायित्व के साथ कार्य करना होगा। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप अभियान को पूरी गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ संचालित किया जाए, ताकि जनपद का कोई भी क्षेत्र अभियान से वंचित न रहे। मुख्य चिकित्साधिकारी द्वारा जिलाधिकारी को जानकारी देते हुए बताया कि दस्तक अभियान से सम्बन्धित 04 जुलाई 2026 से 08 जुलाई 2026 तक आशा, आंगनबाड़ी व ए0एन0एम0 को प्रशिक्षित किया जाएगा ताकि वे घर-घर जाकर दस्तक अभियान के तहत आने वाले एंडीकेटर्स के बारे में जानकारी प्रदान की जा सके। जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि दस्तक अभियान के अंतर्गत आशा, आंगनबाड़ी एवं स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर संचारी रोगों के प्रति लोगों को जागरूक करें, बुखार से पीड़ित व्यक्तियों की पहचान करें तथा आवश्यकता पड़ने पर तत्काल जांच एवं उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित कराएं। साथ ही लोगों को स्वच्छता बनाए रखने, साफ पानी का उपयोग करने, जलभराव न होने देने तथा मच्छरों से बचाव के उपायों के प्रति जागरूक किया जाए। उन्होंने नगर निकायों एवं ग्राम पंचायतों को नियमित साफ-सफाई, नालियों की सफाई, जलभराव की रोकथाम, एंटी लार्वा छिड़काव एवं फॉगिंग जैसी गतिविधियां प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए। शिक्षा विभाग को विद्यालयों के माध्यम से विद्यार्थियों एवं अभिभावकों को जागरूक करने तथा पंचायती राज, बाल विकास, ग्राम्य विकास एवं अन्य संबंधित विभागों को अभियान में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए निर्देशित किया। जिलाधिकारी ने कहा कि अभियान की नियमित समीक्षा की जाएगी तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही अथवा उदासीनता पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी विभागों से जनसहभागिता बढ़ाने एवं अभियान को जन-आंदोलन का स्वरूप देने का आह्वान किया, जिससे संचारी रोगों की प्रभावी रोकथाम सुनिश्चित की जा सके। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी विशाल कुमार, उप जिलाधिकारी सदर महेन्द्र सिंह, मुख्य चिकित्साधिकारी डाॅ कीर्ति कुमार मिश्र, सभी प्रभारी चिकित्साधिकारी सहित अन्य सम्बन्धित अधिकारी उपस्थित रहें।