तमकुहीराज नगर पंचायत चेयरमैन जेपी गुप्ता के खिलाफ सीओ को तहरीर एफ आई आर की मांग
KUSHINAGAR NEWS: अपनी जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य को फेसबुक पर जूते से मारने और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। आरोप तमकुहीराज नगर पंचायत के चेयरमैन जे.पी. गुप्ता पर लगा है। पार्टी के जिला उपाध्यक्ष सलमान गुप्ता ने पुलिस क्षेत्राधिकारी तमकुहीराज को तहरीर देकर तत्काल FIR दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।
25 जून को पोस्ट, वायरल हुई धमकी
तहरीर के मुताबिक, 25.06.2026 गुरुवार को चेयरमैन जे.पी. गुप्ता ने अपने निजी फेसबुक अकाउंट से स्वामी प्रसाद मौर्य के खिलाफ असभ्य और आपत्तिजनक टिप्पणी की। पोस्ट में जूते से मारने की धमकी देने के साथ कुशीनगर आगमन पर जान से मारने की बात भी कही गई। आरोप है कि फोन पर भी कई लोगों से यही बात दोहराई गई।
लाखों कार्यकर्ताओं की भावनाएं आहत
शिकायतकर्ता सलमान गुप्ता ने लिखा है कि स्वामी प्रसाद मौर्य यूपी में कई बार कैबिनेट मंत्री व नेता विपक्ष रह चुके हैं। पडरौना से तीन बार विधायक रहे हैं। उनकी अपनी जनता पार्टी का कैडर यूपी के 75 जिलों सहित कई राज्यों में है। चेयरमैन की टिप्पणी से पार्टी के लाखों पदाधिकारियों और अनुयायियों की भावनाएं आहत हुई हैं। राष्ट्रीय नेता की जानमाल का खतरा बढ़ गया है।
पोस्ट अब भी वायरल, कार्रवाई की मांग
तहरीर में कहा गया कि 27.06.2026 तक भी जे.पी. गुप्ता के फेसबुक पर वह धमकी भरी पोस्ट मौजूद है और वायरल हो रही है। इससे पूरे यूपी और देश में पार्टी कार्यकर्ताओं में रोष है। प्रार्थी ने CO से मांग की है कि ऐसी गंभीर टिप्पणी करने और जान से मारने की धमकी देने वाले चेयरमैन पर उचित न्यायिक व त्वरित दंडनीय कार्रवाई की जाए। तहरीर के साथ फेसबुक पोस्ट का स्क्रीनशॉट भी संलग्न किया गया है। प्रार्थीगण में सलमान गुप्ता, धर्मपाल राही समेत अन्य पदाधिकारी शामिल हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।







