Home उत्तर प्रदेश विनोबा नगर से विटामिन-ए सम्पूरण अभियान का शुभारंभ, तीन लाख से अधिक...

विनोबा नगर से विटामिन-ए सम्पूरण अभियान का शुभारंभ, तीन लाख से अधिक बच्चों को मिलेगा लाभ

मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. यू.बी. सिंह द्वारा फीता काटकर किया गया उद्घाटन
FATEHPUR NEWS: जनपद में विटामिन-ए सम्पूरण अभियान का शुभारंभ मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. यू.बी. सिंह द्वारा अरबन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र विनोबा नगर में फीता काटकर किया गया। कार्यक्रम में जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. सुरेश कुमार, अर्बन नोडल अधिकारी, प्रभारी चिकित्साधिकारी विनोबा नगर, जिला कार्यक्रम प्रबंधक तथा डीपीएमयू के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
मुख्य चिकित्साधिकारी ने बताया कि 9 माह से 5 वर्ष तक के बच्चों को विटामिन-ए की खुराक दिए जाने से उनकी रोग प्रतिरोधक क्षमता में वृद्धि होती है, जिससे वे स्वस्थ एवं पोषित रहते हैं। उन्होंने कहा कि शासन द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अंतर्गत बच्चों को आयु वर्ग के अनुसार विटामिन-ए की खुराक प्रदान की जाएगी। उन्होंने बताया कि 9 से 12 माह आयु वर्ग के बच्चों को नियमित टीकाकरण सत्र के दौरान एमआर के प्रथम टीके के साथ 1 लाख अंतरराष्ट्रीय यूनिट विटामिन-ए की खुराक (1 एमएल) दी जाएगी। वहीं 16 से 24 माह आयु वर्ग के बच्चों को एमआर के दूसरे टीके के साथ 2 लाख अंतरराष्ट्रीय यूनिट विटामिन-ए (2 एमएल) प्रदान किया जाएगा। इसके अतिरिक्त 2 से 5 वर्ष तक के बच्चों को प्रत्येक छह माह के अंतराल पर विटामिन-ए सम्पूरण कार्यक्रम के तहत 2 लाख अंतरराष्ट्रीय यूनिट की खुराक दी जाएगी। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. सुरेश कुमार ने बताया कि प्रत्येक टीकाकरण सत्र पर कम से कम तीन विटामिन-ए की बोतलों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी। प्रत्येक बोतल खोलने की तिथि उस पर अंकित की जाएगी तथा एक बोतल समाप्त होने के बाद ही दूसरी बोतल खोली जाएगी। उन्होंने निर्देश दिए कि बोतल खोलने से पहले उसकी एक्सपायरी तिथि अवश्य जांची जाए तथा निर्धारित माप के अनुसार ही बच्चों को खुराक दी जाए। उन्होंने बताया कि बच्चों को विटामिन-ए की खुराक पिलाने के बाद एएनएम द्वारा एमसीपी कार्ड, यू-विन तथा ई-कवच पोर्टल पर उसकी प्रविष्टि सुनिश्चित की जाएगी। आशा एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को निर्देशित किया गया है कि वे ड्यू-लिस्ट के अनुसार पात्र बच्चों को सत्र स्थल तक लाएं तथा भीड़भाड़ से बचने के लिए लाभार्थियों को निर्धारित समयानुसार बुलाएं। डॉ. सुरेश कुमार ने बताया कि अभियान के अंतर्गत 9 माह से 12 माह तक के 35,150 बच्चों, 1 से 2 वर्ष आयु वर्ग के 67,035 बच्चों तथा 2 से 5 वर्ष आयु वर्ग के 2,06,535 बच्चों को विटामिन-ए की खुराक देने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस प्रकार जनपद में कुल 3,08,720 बच्चों को अभियान से लाभान्वित किए जाने का लक्ष्य रखा गया है।