Home उत्तर प्रदेश विधायक पी.एन. पाठक ने सुनीं लोगों की समस्याएं, अधिकारियों को समयबद्ध निस्तारण...

विधायक पी.एन. पाठक ने सुनीं लोगों की समस्याएं, अधिकारियों को समयबद्ध निस्तारण के दिए निर्देश

KUSHINAGAR NEWS: विधानसभा क्षेत्र कुशीनगर के विधायक पी.एन. पाठक ने शनिवार को कसया स्थित श्रीराम जानकी मठ कार्यालय पर आयोजित जनसुनवाई में क्षेत्रवासियों की समस्याओं एवं शिकायतों को गंभीरता से सुना। जनसुनवाई में ग्रामीण एवं नगर क्षेत्र के बड़ी संख्या में लोग अपनी विभिन्न समस्याओं को लेकर पहुंचे और विधायक को प्रार्थना पत्र सौंपे।
इन मुद्दों पर हुई चर्चा 
लोगों ने राजस्व, सड़क, बिजली, पेयजल, भूमि विवाद, सरकारी योजनाओं का लाभ, कानून-व्यवस्था सहित अन्य जनहित से जुड़े मामलों को विधायक के समक्ष रखा। विधायक ने प्रत्येक शिकायत को ध्यानपूर्वक सुनते हुए संबंधित अधिकारियों से जानकारी प्राप्त की।
अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
जनसुनवाई में उपस्थित उपजिलाधिकारी कसया डॉ. संतराज सिंह बघेल थानाध्यक्ष इत्यानंद पांडेय सहित अन्य विभागों के अधिकारियों को विधायक ने निर्देशित किया कि सभी शिकायतों का समयबद्ध, पारदर्शी एवं प्रभावी ढंग से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। विधायक ने कहा कि आमजन को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। प्रत्येक अधिकारी संवेदनशीलता के साथ अपनी जिम्मेदारी निभाए। उन्होंने शासन की मंशा के अनुरूप पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने तथा लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश भी दिए।
जनसेवा सर्वोच्च प्राथमिकता
विधायक पी.एन. पाठक ने कहा कि जनता की सेवा और उनकी समस्याओं का समाधान उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। जनसुनवाई के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। क्षेत्रीय लोगों ने नियमित जनसुनवाई की पहल की सराहना करते हुए उम्मीद जताई कि उनकी समस्याओं का शीघ्र समाधान होगा।