Home उत्तर प्रदेश विकसित भारत’ की राह पर मंथन, यक्ष प्रश्न में प्रतिभागियों ने दिखाई...

विकसित भारत’ की राह पर मंथन, यक्ष प्रश्न में प्रतिभागियों ने दिखाई प्रतिभा

PRATAPGARH NEWS: बाबा घुइसरनाथ धाम में बृहस्पतिवार को अजगरा महान संवाद ‘यक्ष प्रश्न 2047’ के तहत आयोजित डिबेट प्रतियोगिता में ‘विकसित भारत’ को लेकर प्रतिभागियों ने अपने विचारों से भविष्य की तस्वीर सामने रखी। नैतिक मूल्य, नैतिकता और कर्तव्य जैसे विषयों पर प्रतिभागियों ने पक्ष और विपक्ष में तर्क प्रस्तुत किए। करीब चार घंटे तक चली प्रतियोगिता में प्रतिभागियों के बीच विचारों की जद्दोजहद देखने को मिली। प्रतियोगिता के दौरान निर्णायकों ने प्रतिभागियों से विभिन्न पहलुओं पर सवाल पूछकर उनकी तार्किक क्षमता, विषय की समझ और विचार प्रस्तुत करने के तरीके को परखा। प्रतिभागियों ने आत्मविश्वास के साथ निर्णायकों के प्रश्नों के उत्तर दिए। कार्यक्रम के अंत में बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों का चयन मुख्य प्रतियोगिता के लिए किया गया। लालगंज नगर पंचायत से ज्ञान प्रकाश शुक्ल, संडवा चंद्रिका से प्रज्वल शुक्ला, रामपुर संग्रामगढ़ से विभाकर ओझा और लालगंज से साधना द्विवेदी को विजेता घोषित किया गया। निर्णायक मंडल में संजय सिंह, बृजेश, अरविंद कुमार, मंजू कुशवाहा और प्रियंका सिंह शामिल रहे। कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख अशोक सिंह बबलू, परियोजना निदेशक दयाराम, बीडीओ राजेंद्र पांडेय, मानवेंद्र शर्मा, विजय शंकर मणि, अधिशासी अधिकारी इंद्र प्रताप, डॉ. शिव मूर्ति तिवारी, ग्राम विकास अधिकारी राकेश मिश्रा, विजय यादव, कौशल शुक्ला, विनय शुक्ला और आशुतोष मिश्रा आदि मौजूद रहे।