MIRZAPUR NEWS: (सुनील कुमार गुप्ता) चुनार क्षेत्र के पिरल्लीपुर पावर हाउस के पास वाराणसी-मीरजापुर हाईवे पर बने रेलवे ओवरब्रिज के नीचे सड़क में एक बड़ा और जानलेवा गड्ढा हो गया है। इस गड्ढे में सड़क के अंदर का सरिया तक बाहर निकल आया है। स्थानीय लोगों के अनुसार पानी भरने की वजह से यह गड्ढा बना है और पिछले 24 घंटे से इसी हालत में पड़ा है। इस खतरनाक गड्ढे के बावजूद बड़े वाहनों के चालक जान जोखिम में डालकर सावधानी से गाड़ियां निकाल रहे हैं। आसपास के लोगों को आशंका है कि यदि किसी वाहन का पहिया इस गड्ढे में फंसकर सरिये में धंस गया तो कोई बड़ा हादसा हो सकता है। अभी तक एनएचएआई द्वारा इस गड्ढे की मरम्मत नहीं की गई है। क्षेत्र के लोगों ने प्रशासन से जल्द से जल्द गड्ढे को भरने और सड़क को सुरक्षित बनाने की मांग की है।







