श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता — मानक से अधिक ऊंचाई वाले DJ वाहनों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध
SAHARANPUR NEWS: वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, सहारनपुर द्वारा अम्बेडकर चौराहे से जेल चुंगी, राकेश केमिकल, गागलहेड़ी होते हुए बड़कला (उत्तराखण्ड बॉर्डर) तक कांवड़ मार्ग एवं राष्ट्रीय राजमार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया गया।निरीक्षण के दौरान कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था, यातायात डायवर्जन, बैरिकेडिंग, पुलिस तैनाती एवं अन्य सुरक्षा प्रबंधों का गहन निरीक्षण किया गया। श्रद्धालुओं से सड़क पर विश्राम न करने की अपील करते हुए उन्हें सुरक्षित स्थानों पर बने शिविरों का उपयोग करने हेतु जागरूक किया गया। इस दौरान DJ वाहनों की ऊंचाई की भी सघन जांच की गई। निर्धारित मानकों से अधिक ऊंचाई वाले DJ वाहनों को तत्काल रोककर मानक के अनुरूप कराया गया तथा स्पष्ट निर्देश दिए गए कि जनपद सहारनपुर की सीमा में निर्धारित मानकों से अधिक ऊंचाई वाले किसी भी DJ वाहन को प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने मार्ग पर स्थापित कांवड़ शिविरों, अस्थायी पुलिस चौकियों एवं ड्यूटी प्वाइंटों का निरीक्षण कर प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, चिकित्सा सहायता, बैरिकेडिंग, यातायात संचालन एवं श्रद्धालुओं की सुविधाओं की समीक्षा की। संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि संवेदनशील एवं प्रमुख स्थलों पर निरंतर सतर्कता बनाए रखते हुए यातायात व्यवस्था को निर्बाध एवं सुचारु रखा जाए। साथ ही सभी अधिकारी एवं पुलिस कर्मियों को निर्देश दिए गए कि मंदिरों एवं कांवड़ मार्ग पर पूर्ण मुस्तैदी, सतर्कता एवं आपसी समन्वय के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें तथा किसी भी आपात स्थिति अथवा सूचना पर तत्काल एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करें, जिससे प्रत्येक श्रद्धालु को सुरक्षित, सुगम एवं व्यवस्थित यात्रा का अनुभव प्राप्त हो। सहारनपुर पुलिस कांवड़ यात्रा-2026 को सुरक्षित, व्यवस्थित एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है।







