24 घंटे में पुलिस ने स्वर्ण व्यवसायी लूटकांड का किया खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार
MIRZAPUR NEWS: (अमरेश चंद्र पाण्डेय) कछवां थाना क्षेत्र में स्वर्ण व्यवसायी से हुई लूट का पुलिस ने 24 घंटे में खुलासा कर दिया। पुलिस ने तीन शातिर लुटेरों को गिरफ्तार कर उनके पास से लूट के आभूषण, अपाचे बाइक, तमंचा और कारतूस बरामद किया। कछवां बाजार निवासी स्वर्ण व्यवसायी अजय केशरी ने 28 जून को तहरीर दी थी कि जलालपुर स्थित अपनी आभूषण की दुकान बंद कर घर लौटते समय सबेसर के पास बाइक सवार तीन बदमाशों ने लूट की वारदात को अंजाम दिया। एसपी अपर्णा रजत कौशिक ने मामले को गंभीरता से लेते हुए एएसपी नगर व सीओ सदर के नेतृत्व में टीम गठित की। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर 29 जून को दामोदरपुर बस्ती के पास से दो बदमाशों को दबोच लिया। उनकी निशानदेही पर तीसरे आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया गया। पकड़े गए बदमाशों में गणेश प्रताप सिंह, बगहा, चुनार, अमन दुबे, अम्बेडकरनगर और कपिल यादव, मझवां, कछवां शामिल हैं। इनके कब्जे से 5 पायल, 2 टॉप्स, 1 लॉकेट, मोबाइल, अपाचे बाइक और 315 बोर का तमंचा व जिंदा कारतूस बरामद हुआ है। पूछताछ में आरोपियों ने कबूला कि तीनों मिलकर लूट की वारदात करते थे। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर तीनों को कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। गिरफ्तार करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक अमरजीत चौहान, एसआई श्रीनिवास राय और एसओजी प्रभारी राजीव कुमार सिंह शामिल रहे।







