Home उत्तर प्रदेश रोटरी क्लब ऑफ इलाहाबाद अरिहंत ने निःशुल्क 51 ठेला गाड़ियों का किया...

रोटरी क्लब ऑफ इलाहाबाद अरिहंत ने निःशुल्क 51 ठेला गाड़ियों का किया वितरण

PRAYAGRAJ NEWS: रोटरी क्लब ऑफ इलाहाबाद अरिहंत द्वारा समाज सेवा एवं मानव कल्याण के अपने संकल्प को साकार करते हुए आर्थिक रूप से कमजोर फल एवं सब्जी विक्रेताओं को 51 निःशुल्क ठेला गाड़ियों का वितरण किया गया। यह सेवा प्रकल्प उन जरूरतमंद परिवारों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जो सीमित संसाधनों के कारण अपने व्यवसाय को सुचारु रूप से संचालित नहीं कर पा रहे थे। इस पहल का उद्देश्य उन्हें सम्मानजनक आजीविका का साधन उपलब्ध कराना, स्वरोजगार को बढ़ावा देना तथा उनके परिवारों की आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ बनाना है।
क्लब के संस्थापक रोटेरियन शशांक जैन ने कहा कि रोटरी का मूल उद्देश्य सेवा के माध्यम से समाज के अंतिम व्यक्ति तक सहयोग पहुँचाना है। उन्होंने कहा कि ऐसे सेवा कार्य न केवल आर्थिक सहायता प्रदान करते हैं, बल्कि लोगों के जीवन में आत्मविश्वास और स्वावलंबन भी विकसित करते हैं। क्लब की अध्यक्षा रोटेरियन डॉ. कीर्ति अग्रवाल ने कहा कि आत्मनिर्भरता ही वास्तविक सशक्तिकरण का आधार है। रोटरी क्लब ऑफ इलाहाबाद अरिहंत भविष्य में भी शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वरोजगार एवं जनकल्याण से जुड़े सेवा कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाता रहेगा। सचिव रोटेरियन प्रीति जैन ने कहा कि सेवा का वास्तविक उद्देश्य जरूरतमंदों के जीवन में नई आशा और नए अवसर प्रदान करना है। रोटरी का प्रत्येक सेवा प्रकल्प समाज के वंचित वर्ग के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने का प्रयास है। इस अवसर पर अंकित अग्रवाल, तुषार गुप्ता, दीप्ति गुप्ता, कन्हैया लाल अग्रवाल, के. एम. प्रजापति, दिनेश सिंह, गीता अग्रवाल, शिखा अग्रवाल, अंजू देवी, मनीष अग्रवाल सहित क्लब के अन्य रोटेरियन उपस्थित रहे।