MIRZAPUR NEWS: सुनील कुमार गुप्ता शुक्रवार को लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल राजकीय रेशम प्रशिक्षण संस्थान, बरकछा में विभिन्न जनपदों से आए किसानों के लिए आयोजित पांच दिवसीय रेशम प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व मंत्री एवं मड़िहान विधायक रमाशंकर सिंह पटेल रहे। अपने संबोधन में विधायक ने कहा कि किसान रेशम उत्पादन का प्रशिक्षण लेकर शहतूत की खेती एवं रेशम कीट पालन शुरू कर अपनी आय में वृद्धि कर सकते हैं। रेशम उत्पादन में कम लागत के साथ वर्ष में कई बार कोकून का उत्पादन किया जा सकता है, जिससे किसानों को पारंपरिक फसलों की अपेक्षा अधिक लाभ एवं नियमित आमदनी प्राप्त हो सकती है। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों की आय बढ़ाने के लिए कृषि के साथ-साथ ऐसे वैकल्पिक एवं लाभकारी व्यवसायों को भी प्रोत्साहित कर रही है। किसानों को इसका लाभ उठाकर आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए। इसके पश्चात विधायक ने प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले किसानों को प्रशिक्षण प्रमाण पत्र वितरित किए। इस अवसर पर सहायक निदेशक रेशम, प्रशिक्षण प्रभारी रेशम सहित विभिन्न जनपदों से आए बड़ी संख्या में प्रशिक्षु किसान उपस्थित रहे।







