Home उत्तर प्रदेश रूरेश्वर स्वयंभू महादेव मंदिर में एक माह से चल रहे जाप का...

रूरेश्वर स्वयंभू महादेव मंदिर में एक माह से चल रहे जाप का हुआ समापन

एक करोड़ रुपये की विकास योजनाओं का हुआ भूमि पूजन
FATEHPUR NEWS: गाजीपुर क्षेत्र के ग्राम सभा चुरियानी समियाना स्थित सिद्ध पीठ रूरेश्वर स्वयंभू महादेव मंदिर में श्रावण मास के दौरान एक माह से चल रहे अखंड ‘ॐ नमः शिवाय’ मंत्र जाप का शनिवार को हवन-पूजन और पूर्णाहुति के साथ समापन हुआ। मंदिर के श्री श्री 1008 स्वामी विरक्तानंद महाराज की देखरेख में धार्मिक कार्यक्रम संपन्न हुआ। समापन अवसर पर मंदिर परिसर में विधि-विधान से हवन और पूजन किया गया। इसके बाद विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें क्षेत्र के हजारों श्रद्धालुओं ने पहुंचकर प्रसाद ग्रहण किया। इस दौरान मंदिर परिसर हर-हर महादेव और ॐ नमः शिवाय के जयकारों से गूंजता रहा। धार्मिक कार्यक्रम के बाद मंदिर के विकास और सौंदर्यीकरण के लिए शासन से स्वीकृत करीब एक करोड़ रुपये की विकास योजनाओं का भूमि पूजन किया गया। योजना के तहत मंदिर का भव्य मुख्य द्वार बनाया जाएगा। इसके साथ ही बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं के ठहरने के लिए विश्राम गृह, मंदिर तक पहुंचने के लिए पक्की सड़क और मार्ग तथा मंदिर परिसर में स्ट्रीट लाइट लगाने का कार्य कराया जाएगा। भूमि पूजन कार्यक्रम में मुख्य अतिथि अयाह शाह विधायक विकास गुप्ता रहे। पर्यटन विभाग उत्तर प्रदेश की कार्यदायी संस्था की ओर से एएमपी अभिनंदन गंगवार, एई अवनीश चंद्र और अजय कुमार गोड़ ने प्रस्तावित कार्यों की जानकारी दी। अधिकारियों ने विकास कार्यों को जल्द शुरू कराकर समय से पूरा कराने का भरोसा दिलाया। कार्यक्रम का संचालन रुद्रपाल सिंह, मंडल महामंत्री गाजीपुर ने किया। इस मौके पर जिला पंचायत सदस्य मुन्ना सिंह, पहाड़पुर प्रधान सिद्धनाथ तिवारी, आशीष द्विवेदी उर्फ बम लहरी, राजू सिंह, मनोज द्विवेदी, विनोद शुक्ला, चंद्रभान, मोनू गुप्ता, राजकुमार द्विवेदी, सुरेंद्र भाई, रंजन सिंह और मोनू अवस्थी समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण और शिवभक्त मौजूद रहे।