JHANSI NEWS: अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के 78वें स्थापना दिवस एवं राष्ट्रीय विद्यार्थी दिवस के अवसर पर झांसी महानगर में विभिन्न स्थानों पर भव्य कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रमों में 500 से अधिक विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए राष्ट्र निर्माण, चरित्र निर्माण एवं छात्र शक्ति को सशक्त बनाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर झांसी पूरब जिले में प्रांत उपाध्यक्ष डॉ. पवन कश्यप ने प्रांत प्रवासी के रूप में प्रवास कर कार्यकर्ताओं एवं विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया, जबकि झांसी पश्चिम जिले में राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य डॉ. नमो नारायण ने विभिन्न कार्यक्रमों में सहभागिता कर युवाओं को संगठन की विचारधारा एवं राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका से अवगत कराया। झांसी पूरब एवं झांसी पश्चिम के अंतर्गत आने वाले छह-छह नगरों के विभिन्न विद्यालयों में संगोष्ठियों का आयोजन किया गया। संगोष्ठियों में स्वामी विवेकानंद के विचार, राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका, चरित्र निर्माण, आदर्श विद्यार्थी जीवन तथा विद्यार्थी परिषद से जुड़कर छात्र हितों के लिए किए जाने वाले कार्यों पर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रमों की श्रृंखला में बुंदेलखंड विश्वविद्यालय परिसर स्थित स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। वहीं बुंदेलखंड डिग्री कॉलेज में स्वामी विवेकानंद के चित्र पर माल्यार्पण के साथ प्रेरणादायी कार्यक्रम आयोजित हुआ, जिसमें विद्यार्थियों ने उनके आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का समापन “भारत माता की जय” एवं “वंदे मातरम्” के उद्घोष के साथ हुआ। इस अवसर पर झांसी विभाग संगठन मंत्री हरिओम जायसवाल, प्रांत प्रमुख (स्टूडेंट मेट्रिक) रसकेंद्र गौतम, महानगर मंत्री सुयश शुक्ला, जिला संयोजक विक्की चौबे, नगर मंत्री प्रिंस लखेरा, सिंह चंदेल, समीर रिछारिया, जतिन गौतम, सोनी, सूर्य प्रताप, गौरव पटेरिया, तरुण पांडे, ऋतिक ठाकुर सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे.







