SIDHARTHNAGAR NEWS: जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में आगामी 14 मार्च को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत की सफलता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शुक्रवार को प्रशासनिक व विभिन्न विभागों के अधिकारियों तथा बैंक प्रतिनिधियों के साथ प्री-ट्रायल बैठक आयोजित की गई। बैठक का आयोजन माननीय जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देश पर किया गया। बैठक में अपर जनपद न्यायाधीश (पॉक्सो एक्ट)/नोडल अधिकारी राष्ट्रीय लोक अदालत बीरेन्द्र कुमार ने उपस्थित अधिकारियों को लोक अदालत में अधिक से अधिक वादों के निस्तारण के लिए आवश्यक तैयारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से बैंक तथा विद्युत विभाग के अधिकारियों से ओटीएस (वन टाइम सेटलमेंट) से संबंधित मामलों का अधिकाधिक निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा। सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अरुण कुमार-चतुर्थ ने बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए पैरालीगल वालंटियरों के माध्यम से जिला मुख्यालय तथा विभिन्न तहसीलों में जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत न्यायालय परिसर, कलेक्ट्रेट, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, अस्पताल, हाट-बाजार, तहसील मुख्यालय एवं बैंकों जैसे सार्वजनिक स्थलों पर लोक अदालत के महत्व तथा उसमें निस्तारित किए जाने वाले मामलों की जानकारी दी जाएगी, ताकि अधिक से अधिक लोग इसका लाभ उठा सकें। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं बैंक प्रतिनिधि उपस्थित रहे।







