ट्रक-बस-बाइक भिड़ंत के बाद लगी आग, दो घायल
LAKHIMPUR KHERI NEWS: सदर कोतवाली क्षेत्र के राजापुर चौराहे पर जलसा लॉन के सामने देर रात बड़ा सड़क हादसा हो गया। रामापुर की ओर से आ रहे ट्रक को मोड़ते समय सामने से आ रही बस से उसकी जबरदस्त टक्कर हो गई। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रही बाइक भी बेकाबू होकर ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रक और बाइक में तुरंत आग भड़क उठी। कुछ ही पलों में दोनों वाहन धू-धू कर जलने लगे। हादसे के बाद रामापुर रोड पर अफरा-तफरी मच गई और लंबा जाम लग गया। सूचना मिलते ही राजापुर चौकी इंचार्ज संचित यादव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। फायर ब्रिगेड को बुलाया गया। दमकल कर्मियों और पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद आग बुझाई। पुलिस की तत्परता से बड़ा नुकसान होने से बच गया। इस हादसे में बाइक सवार दो लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए। दोनों को फौरन जिला अस्पताल भेजा गया जहां उनका इलाज चल रहा है। राहत की बात यह रही कि बस में बैठे सभी यात्री सुरक्षित हैं। किसी की जान नहीं गई। पुलिस ने कड़ी मेहनत कर जाम खुलवाया और यातायात बहाल कराया। फिलहाल पुलिस हादसे की वजह पता लगाने में जुटी है।







