Home उत्तर प्रदेश मोहर्रम को सकुशल संपन्न कराने की मांग, ताजिया व आलम इंतजामिया कमेटी...

मोहर्रम को सकुशल संपन्न कराने की मांग, ताजिया व आलम इंतजामिया कमेटी ने सौंपा ज्ञापन

बिजली के लटकते तार, अतिक्रमण, छुट्टा पशु और मोबाइल शौचालय की व्यवस्था सहित कई मांगें उठाईं
FATEHPUR NEWS: आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सकुशल ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से ताजिया व आलम इंतजामिया कमेटी फतेहपुर के पदाधिकारियों ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट पहुंचकर जिला प्रशासन को एक ज्ञापन सौंपा। कमेटी ने मोहर्रम के दौरान निकलने वाले ताजिया, आलम एवं अन्य धार्मिक जुलूसों को देखते हुए विभिन्न व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराने की मांग की है। कमेटी के जिला अध्यक्ष चौधरी मोईन राइन ने बताया कि संभावित रूप से 17 जून से मोहर्रम का महीना शुरू हो रहा है और इसके कार्यक्रम 12 दिनों तक चलेंगे। इस दौरान जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में अलग-अलग तिथियों पर ताजिया, आलम और पलंग के जुलूस निकाले जाएंगे। जुलूसों के दौरान किसी भी प्रकार की असुविधा अथवा दुर्घटना से बचाव के लिए प्रशासन से आवश्यक व्यवस्थाएं कराने का अनुरोध किया गया है। ज्ञापन में मांग की गई है कि मोहर्रम के दौरान विद्युत आपूर्ति सुचारू रूप से जारी रखी जाए तथा जुलूस मार्गों पर नीचे लटक रहे बिजली के तारों को ऊंचा कराया जाए, जिससे किसी प्रकार की दुर्घटना न हो। इसके अलावा केबल, डिश टीवी एवं वाई-फाई नेटवर्क के लटकते तारों को भी व्यवस्थित कराने की मांग की गई है। कमेटी ने कहा कि मोहर्रम की आठवीं तारीख को शहर में जनपद भर से बड़ी संख्या में जायरीन आते हैं। ऐसे में उनके लिए मोबाइल शौचालय की समुचित व्यवस्था कराई जानी चाहिए। साथ ही जुलूस मार्गों पर खुले पड़े ट्रांसफार्मरों को सुरक्षित करने, मार्गों से अतिक्रमण हटाने तथा साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने की भी मांग की गई है। ज्ञापन में यह भी कहा गया कि मोहर्रम के दौरान छुट्टा पशु अक्सर जुलूसों के बीच पहुंच जाते हैं, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। इसलिए इनके नियंत्रण के लिए प्रभावी व्यवस्था की जाए। इसके अलावा सूअर जैसे जानवरों को मोहर्रम के दौरान जुलूस मार्गों से दूर रखने हेतु संबंधित लोगों को निर्देशित करने की मांग भी उठाई गई। कमेटी ने प्रशासन से अपेक्षा जताई कि मोहर्रम शुरू होने से पहले सभी समस्याओं का समाधान कर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं, ताकि पर्व सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न हो सके। इस अवसर पर महासचिव वारिसुद्दीन एडवोकेट, वरिष्ठ उपाध्यक्ष शब्बीर अहमद, उपाध्यक्ष चौधरी अब्दुल सलाम, इंतजामकार फरीद खान, इब्राहिम शाह, लालू राइन, भंडारी परवेज, अलमदार रशीद राइन, जमाल भाई, शफीक शाह, हाफिज फरीद, महफूज, सलमान, रियाज सहित कमेटी के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।