Home उत्तर प्रदेश पुरानी रंजिश में वृद्ध पिता-पुत्री पर हमला, दबंगों ने घर में घुसकर...

पुरानी रंजिश में वृद्ध पिता-पुत्री पर हमला, दबंगों ने घर में घुसकर की मारपीट

पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप
FATEHPUR NEWS: सदर कोतवाली क्षेत्र के सनगांव में पुरानी रंजिश को लेकर दबंगों द्वारा एक वृद्ध और उनकी पुत्री के साथ मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित पक्ष ने आरोप लगाया है कि घर में घुसकर लाठी-डंडों से हमला किया गया, जबकि शिकायत के बावजूद पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। जानकारी के अनुसार, सनगांव निवासी 75 वर्षीय कल्लू और उनकी 32 वर्षीय पुत्री रुखसाना पर गांव के कुछ लोगों ने हमला कर दिया। पीड़ितों का आरोप है कि एक बकरी के उनके दरवाजे पर चले जाने को लेकर विवाद शुरू हुआ, जिसके बाद पुरानी रंजिश के चलते मामला बढ़ गया। रुखसाना ने बताया कि जीशान, शाहिद, अहमद रजा, कनीज, फातिमा, रेशमा समेत 25 से 30 लोगों ने उनके घर में घुसकर तोड़फोड़ की। आरोप है कि सभी ने मिलकर पिता-पुत्री को घर से बाहर घसीट लिया और लाठी-डंडों तथा लात-घूंसों से जमकर मारपीट की। जाते समय आरोपितों ने जान से मारने की धमकी भी दी। घटना के बाद घायल पिता-पुत्री ने स्थानीय पुलिस से शिकायत की, लेकिन उनका आरोप है कि पुलिस ने उनकी बात सुनने के बजाय उन्हें थाने से भगा दिया। ग्रामीणों की मदद से दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। पीड़ित पक्ष ने आरोपितों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और न्याय की मांग की है। वहीं, मामले को लेकर पुलिस का पक्ष सामने आना अभी बाकी है।