MIRZAPUR NEWS: भाजपा नगर मंडल पश्चिमी द्वारा भारत रत्न, संविधान निर्माता बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती के उपलक्ष्य में बुधवार को अनुसूचित बस्ती संपर्क अभियान के अंतर्गत रुक्खड़ घाट वार्ड में कार्यक्रम आयोजित किया गया। शक्तिकेंद्र संयोजक सागर आनंद के आवास पर नगर पालिकाध्यक्ष श्यामसुंदर केशरी, अनुसूचित मोर्चा के क्षेत्रीय मंत्री राम आसरे सरोज एवं नगर अध्यक्ष नितिन विश्वकर्मा ने भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ बाबा साहब के चित्र पर माल्यार्पण कर पुष्पांजलि अर्पित की। नगर अध्यक्ष पश्चिमी नितिन विश्वकर्मा के नेतृत्व में मुख्य अतिथि नगर पालिकाध्यक्ष श्यामसुंदर केशरी ने कार्यकर्ताओं के साथ वार्ड में घर-घर संपर्क किया। इस दौरान उन्होंने बाबा साहब द्वारा गरीब, कमजोर, वंचित व पीड़ित वर्ग के उत्थान के लिए किए गए कार्यों एवं उनके जीवन संघर्ष को वार्डवासियों के साथ साझा किया। इस अवसर पर बाबा साहब के विचारों का स्मरण करते हुए सामाजिक समरसता, समानता एवं न्याय के उनके संदेश को आत्मसात करने का आह्वान किया गया। अनुसूचित मोर्चा के क्षेत्रीय मंत्री राम आसरे सरोज ने संविधान और बाबा साहब के आदर्शों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए अंबेडकर जी के मूल्यों पर आधारित समाज स्थापित करने, हर जरूरतमंद की मदद करने तथा संविधान की रक्षा के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया। जनसंपर्क के दौरान नगर अध्यक्ष नितिन विश्वकर्मा ने कहा कि मोदी-योगी सरकार बाबा साहब के सपने को साकार कर रही है। दलित, शोषित व वंचितों का कल्याण मोदी-योगी सरकार में हो रहा है। इस संपर्क अभियान में क्षेत्रीय मंत्री राम आसरे सरोज, मंडल महामंत्री कृष्ण कुमार सिंह, कार्यक्रम संयोजक मंडल उपाध्यक्ष अजय रजक, अनुसूचित मोर्चा नगर अध्यक्ष रमाशंकर पासी, कार्यक्रम सह संयोजक अमरेश सोनकर, मंडल उपाध्यक्ष रुपेश यादव, सचिन जायसवाल, नगर मंत्री गोपाल अग्रवाल, धीरज तिवारी, वरिष्ठ कार्यकर्ता उमेश गौतम, महेंद्र नाथ चौबे, शक्तिकेंद्र संयोजक सागर आनंद, बूथ अध्यक्ष गिरजा निषाद, पवन यादव, अमन यादव, सुनील यादव, सागर भारती, रामकिशुन, रविंद्र यादव आदि कार्यकर्ता उपस्थित रहे।







