Home उत्तर प्रदेश मानसून से पहले सफाई और बिजली व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश, वाराणसी...

मानसून से पहले सफाई और बिजली व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश, वाराणसी में मंत्री ए.के. शर्मा ने की समीक्षा

VARANASI NEWS: उत्तर प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने सोमवार को सर्किट हाउस सभागार में नगर विकास एवं ऊर्जा विभाग की समीक्षा बैठक कर अधिकारियों को जनसुविधाओं से जुड़े कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मानसून से पहले नालियों की सफाई, जलनिकासी व्यवस्था और विद्युत आपूर्ति को पूरी तरह दुरुस्त किया जाए, ताकि आम जनता को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। नगर विकास विभाग की समीक्षा के दौरान मंत्री ने सभी नगर निकायों को वर्षा ऋतु से पूर्व व्यापक सफाई अभियान चलाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जलभराव की समस्या किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। सड़क किनारे एवं डिवाइडरों के आसपास फैली गंदगी हटाकर पौधरोपण और सुंदरीकरण कार्य भी कराया जाए। उन्होंने कहा कि स्वच्छता और हरियाली किसी भी शहर की पहचान होती है तथा नगर निकायों को नागरिकों को बेहतर शहरी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए जिम्मेदारी के साथ कार्य करना चाहिए।
बैठक में निर्माणाधीन विकास परियोजनाओं की भी समीक्षा की गई। मंत्री ने अधिकारियों को गुणवत्ता से समझौता किए बिना निर्धारित समय सीमा में कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए। साथ ही विभिन्न जनहितकारी योजनाओं की प्रगति की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। ऊर्जा विभाग की समीक्षा के दौरान मंत्री ने विद्युत आपूर्ति व्यवस्था, ट्रांसफार्मरों की क्षमता वृद्धि और खराब ट्रांसफार्मरों के त्वरित प्रतिस्थापन पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं को निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण बिजली मिलनी चाहिए। गर्मी और मानसून के दौरान संभावित तकनीकी समस्याओं के समाधान के लिए पहले से तैयारी सुनिश्चित करने को कहा गया। उन्होंने 1912 हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायतों की नियमित समीक्षा कर त्वरित निस्तारण के निर्देश देते हुए कहा कि जनता को बिजली संबंधी शिकायतों के समाधान के लिए भटकना नहीं पड़ना चाहिए। मंत्री ने कहा कि नगर विकास एवं ऊर्जा विभाग सीधे आमजन के जीवन को प्रभावित करते हैं, इसलिए सभी अधिकारी संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ कार्य करें। बैठक में नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल, पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के प्रबंध निदेशक शंभू कुमार सहित नगर विकास एवं ऊर्जा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।