Home उत्तर प्रदेश मातृ दिवस पर विद्यालय में विविध कार्यक्रम, छात्रों ने मां के प्रति...

मातृ दिवस पर विद्यालय में विविध कार्यक्रम, छात्रों ने मां के प्रति जताया सम्मान

FATEHPUR NEWS: महर्षि विद्या मंदिर सीनियर सेकेंडरी स्कूल में मातृ दिवस के अवसर पर विभिन्न प्रतियोगिताओं एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए मां के प्रति अपने प्रेम, सम्मान और समर्पण की भावनाओं को अभिव्यक्त किया।
प्राथमिक वर्ग के बच्चों के लिए निबंध लेखन प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें विद्यार्थियों ने मां की महिमा का भावपूर्ण वर्णन किया। जूनियर वर्ग के लिए ग्रीटिंग कार्ड निर्माण और कविता वाचन प्रतियोगिता हुई, जिसमें बच्चों ने आकर्षक कार्ड बनाकर मां के त्याग, ममता और समर्पण को रचनात्मक रूप में प्रस्तुत किया। सीनियर वर्ग में आयोजित कविता वाचन प्रतियोगिता में कक्षा 11 की छात्रा नैनम गुप्ता ने श्रीकृष्ण के जीवन संघर्षों पर आधारित कविता प्रस्तुत की, जबकि कक्षा 10 की छात्रा राजमिता ने अपनी स्वरचित कविता के माध्यम से सभी को भावुक कर दिया। कार्यक्रम में अक्षिता शुक्ला, आरजू कुशवाहा, अंशी पटेल, समायरा साहू, मौली, शान्वी शुक्ला, उत्कर्ष यादव, दीक्षा पाल और अभय सिंह सहित कई विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया। विद्यालय के प्रधानाचार्य प्रमोद कुमार त्रिपाठी ने कहा कि मां से श्रेष्ठ कोई शिक्षक नहीं होता और घर से बेहतर कोई पाठशाला नहीं। उन्होंने कहा कि मातृ दिवस हमें मां के त्याग, करुणा और ममता जैसे गुणों को अपनाने की प्रेरणा देता है। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय स्टाफ के साथ अभिभावक भी उपस्थित रहे। अंत में सभी ने माताओं के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करते हुए कार्यक्रम का समापन किया।