Home उत्तर प्रदेश महिला एथलेटिक्स, बैडमिंटन और सबजूनियर बास्केटबाल के लिए तीन सितंबर को होंगे...

महिला एथलेटिक्स, बैडमिंटन और सबजूनियर बास्केटबाल के लिए तीन सितंबर को होंगे जिला स्तरीय ट्रायल

प्रयागराज, गाजियाबाद और आजमगढ़ में होने वाली प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिताओं के लिए खिलाड़ियों का चयन

KAUSHAMBI NEWS: जिला खेल कार्यालय की ओर से प्रदेश स्तरीय महिला एथलेटिक्स, महिला बैडमिंटन, सबजूनियर बालक-बालिका बैडमिंटन व सबजूनियर बालक बास्केटबाल प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग के लिए जिला व मंडल स्तरीय चयन-ट्रायल आयोजित किए जाएंगे। जिला स्तरीय चयन-ट्रायल तीन सितंबर को सुबह 10 बजे जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम टेवा कौशांबी में होंगे। प्रदेश स्तरीय महिला एथलेटिक्स (अंडर-25 वर्ष) प्रतियोगिता आठ से नौ सितंबर तक प्रयागराज में प्रस्तावित है। इसके लिए जिला स्तरीय चयन-ट्रायल तीन सितंबर को सुबह 10 बजे जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम कौशांबी में होंगे। चयनित खिलाड़ियों का मंडल स्तरीय ट्रायल पांच सितंबर को सुबह 11 बजे मदन मोहन मालवीय स्टेडियम, प्रयागराज में होगा। इसी प्रकार प्रदेश स्तरीय महिला बैडमिंटन (अंडर-25 वर्ष) प्रतियोगिता भी आठ से नौ सितंबर तक प्रयागराज में आयोजित होगी। इसके लिए जिला स्तरीय ट्रायल तीन सितंबर को सुबह 10 बजे जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम में व मंडल स्तरीय ट्रायल उसी दिन सुबह 11 बजे अमिताभ बच्चन स्पोर्ट्स कांप्लेक्स, प्रयागराज में होगा। सबजूनियर बालक-बालिका बैडमिंटन की प्रदेश स्तरीय समन्वय प्रतियोगिता सात से नौ सितंबर तक गाजियाबाद में होगी। इसके लिए जिला स्तरीय चयन-ट्रायल तीन सितंबर को सुबह 10 बजे जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम कौशांबी में और मंडल स्तरीय ट्रायल उसी दिन सुबह 11 बजे अमिताभ बच्चन स्पोर्ट्स कांप्लेक्स प्रयागराज में आयोजित किया जाएगा। वहीं, सबजूनियर बालक बास्केटबाल की प्रदेश स्तरीय समन्वय प्रतियोगिता 11 से 14 सितंबर तक आजमगढ़ में प्रस्तावित है। इसके लिए जिला स्तरीय ट्रायल तीन सितंबर को सुबह 10 बजे जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम कौशांबी में व मंडल स्तरीय चयन-ट्रायल तीन सितंबर को सुबह 11 बजे अमिताभ बच्चन स्पोर्ट्स कांप्लेक्स प्रयागराज में होगा। जिला खेल कार्यालय के अनुसार सबजूनियर बालक-बालिका बैडमिंटन के लिए अंडर-15 आयु वर्ग के खिलाड़ी पात्र होंगे। खिलाड़ी का जन्म एक जनवरी 2012 या उसके बाद का होना चाहिए। इच्छुक खिलाड़ी निर्धारित तिथि और समय पर आयोजन स्थल पर पहुंचकर चयन-ट्रायल में प्रतिभाग कर सकते हैं।

जरूरी अभिलेख साथ लाना होगा

चयन-ट्रायल में शामिल होने वाले खिलाड़ियों को आधार कार्ड, नगर निगम अथवा सक्षम संस्था द्वारा जारी जन्म प्रमाणपत्र, विद्यालय का बोनाफाइड प्रमाणपत्र, एड्रेस प्रूफ व पासपोर्ट साइज फोटो साथ लाना अनिवार्य होगा। जिला खेल कार्यालय ने इच्छुक खिलाड़ियों से निर्धारित समय पर सभी अभिलेखों के साथ उपस्थित होने की अपील की है। उप क्रीड़ाधिकारी अजय प्रताप साहू ने बताया कि चयनित खिलाड़ियों को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार मंडल व प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग का अवसर मिलेगा।