अनुकूल मौसम में एक माह बाद जनगणना कराए जाने की उठाई मांग
FATEHPUR NEWS: प्रोटॉन शिक्षक संघ फतेहपुर ने प्रदेश में पड़ रही भीषण गर्मी और हीट वेव को देखते हुए जनगणना कार्य को एक माह के लिए स्थगित कर अनुकूल मौसम में कराए जाने की मांग उठाई है। इस संबंध में संगठन की ओर से महामहिम राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी के माध्यम से सौंपा गया। संगठन के प्रदेश महासचिव संदीप यादव ने बताया कि जनगणना का प्रथम चरण 22 मई से प्रारंभ हो चुका है, जिसमें बेसिक शिक्षा विभाग के शिक्षकों की ड्यूटी लगाई गई है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में इस समय भीषण गर्मी और हीट वेव का प्रकोप जारी है तथा तापमान कई स्थानों पर 48 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच रहा है। मौसम विभाग और सरकार की ओर से लगातार चेतावनियां जारी की जा रही हैं, ऐसे में इस परिस्थिति में जनगणना कार्य कराया जाना गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने आशंका जताई कि तेज गर्मी और लू के कारण जनगणना कार्य में लगे शिक्षक एवं कर्मचारी बीमार पड़ सकते हैं या लू की चपेट में आ सकते हैं, जिससे शिक्षकों में भय और निराशा का माहौल है। ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि कोरोना काल के दौरान कराए गए पंचायत चुनावों में बड़ी संख्या में कर्मचारियों और शिक्षकों की जान गई थी। जिला महासचिव धर्मेंद्र शोले ने कहा कि वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव भी जून की भीषण गर्मी में संपन्न कराए गए थे, जिनमें चुनाव ड्यूटी के दौरान कर्मचारियों की मृत्यु की खबरें सामने आई थीं। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी, लू और हीट वेव जैसी परिस्थितियों में जनगणना जैसे व्यापक फील्ड वर्क को लेकर शासन को संवेदनशील और मानवीय दृष्टिकोण अपनाना चाहिए। ज्ञापन के माध्यम से संगठन ने मांग की कि प्रतिकूल मौसम और अत्यधिक गर्मी को देखते हुए वर्तमान जनगणना कार्य को स्थगित कर लगभग एक माह बाद अनुकूल मौसम में संपन्न कराया जाए। इस मौके पर सत्येंद्र सिंह, धर्मराज, स्वदेश प्रसाद, महेंद्र सिंह, ब्रजेश कुमार, राजकरन पाल, बलराम, दिनेश सैनी, देवेंद्र सिंह, रजनीश उत्तम सहित अन्य शिक्षक उपस्थित रहे।







