SIDHARTHNAGAR NEWS; कस्बे में रसोई गैस की किल्लत और अव्यवस्था का आलम यह है कि गैस सिलेंडर लेने के लिए लोगों को घंटों लंबी कतारों में खड़ा रहना पड़ रहा है। भीषण गर्मी में महिलाएं भी धूप में खड़ी नजर आ रही हैं, जबकि कई लोग पेड़ों की छांव में बैठकर अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि गैस एजेंसी के कार्यालय और गोदाम पर होम डिलीवरी की सूचना चस्पा है, लेकिन जमीनी हकीकत इसके उलट दिखाई दे रही है। अगर घर-घर गैस की आपूर्ति हो रही होती, तो लोगों को इस तरह लाइन लगाकर सिलेंडर लेने की जरूरत नहीं पड़ती। वहीं एजेंसी के कर्मचारियों का कहना है कि लोग खुद ही आकर लाइन लगा लेते हैं, जबकि होम डिलीवरी की व्यवस्था मौजूद है। इस विरोधाभास के कारण उपभोक्ताओं में असमंजस की स्थिति बनी हुई है। कड़ी धूप और गर्म हवाओं के बीच घंटों लाइन में खड़े रहने से लोगों की सेहत पर भी असर पड़ने का खतरा बना हुआ है। स्थानीय नागरिकों ने मांग की है कि होम डिलीवरी व्यवस्था को शत-प्रतिशत लागू किया जाए, ताकि लोगों को इस तपती गर्मी में परेशान न होना पड़े।







