FATEHPUR NEWS: भारतीय जनता पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के दिशा-निर्देश पर बुधवार को जिले के सभी मंडलों में मंडल कार्यसमिति सत्यापन बैठकें आयोजित की गईं। बैठकों में संगठनात्मक गतिविधियों, कार्यकर्ताओं की सक्रियता और आगामी संगठनात्मक कार्ययोजना को लेकर पदाधिकारियों ने विमर्श किया। बैठकों की मॉनिटरिंग भाजपा जिलाध्यक्ष अन्नू श्रीवास्तव ने की। जिलाध्यक्ष ने हुसेनगंज, मलवां और जहानाबाद मंडलों में पहुंचकर कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों से संवाद किया तथा संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक मजबूत बनाने पर जोर दिया। जिला मीडिया प्रभारी प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि जिले के सभी मंडलों में आयोजित बैठकों में पूर्व जिलाध्यक्षों सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी मंडल प्रवासी के रूप में उपस्थित रहे और उन्हें सौंपे गए संगठनात्मक दायित्वों का निर्वहन किया। उन्होंने बताया कि पूर्व जिलाध्यक्षों में प्रभुदत्त दीक्षित असोथर मंडल, आशीष मिश्रा बहुआ मंडल, दिनेश बाजपेई खखरेरू मंडल तथा प्रमोद द्विवेदी अमौली मंडल में प्रवासी के रूप में उपस्थित रहे। जिलाध्यक्ष अन्नू श्रीवास्तव ने कहा कि मंडल कार्यसमिति की बैठकें संगठन की सतत और सकारात्मक प्रक्रिया का हिस्सा हैं। शीर्ष नेतृत्व के निर्देश पर समय-समय पर ऐसी बैठकों के माध्यम से संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा की जाती है और कार्यकर्ताओं को आगामी कार्यक्रमों के लिए दिशा-निर्देश दिए जाते हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को और अधिक प्रभावी बनाने तथा पार्टी की नीतियों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।







