FATEHPUR NEWS: भारतीय जनता पार्टी ने पार्टी कार्यकर्ताओं एवं आम नागरिकों की समस्याओं के समाधान के लिए एक नई पहल शुरू की है। इसके तहत जेल रोड स्थित भाजपा जिला कार्यालय में सप्ताह के प्रत्येक दिन सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक कार्यकर्ताओं एवं आमजन की समस्याएं सुनी जाएंगी और उनके निस्तारण का प्रयास किया जाएगा। भाजपा जिलाध्यक्ष अन्नू श्रीवास्तव ने बताया कि शीर्ष नेतृत्व के निर्देशानुसार संगठन सेवा भाव के साथ जनता और कार्यकर्ताओं की समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है। इसी उद्देश्य से सप्ताह के सभी दिनों के लिए जिला पदाधिकारियों को दिवस प्रभारी के रूप में जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्होंने कहा कि भाजपा एक सेवा और समर्पण आधारित संगठन है, इसलिए लोगों की समस्याओं के सहज एवं न्यायोचित निस्तारण के लिए यह व्यवस्था लागू की गई है। जिलाध्यक्ष स्वयं प्रत्येक सोमवार को कार्यालय में उपस्थित रहकर सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक लोगों की समस्याएं सुनेंगे। सोमवार को उनके साथ जिला उपाध्यक्ष रेखा मिश्रा, मीडिया प्रभारी प्रवीण सिंह, कार्यालय प्रभारी ओम मिश्रा तथा नीरज गुप्ता भी मौजूद रहेंगे। जिला मीडिया प्रभारी प्रवीण सिंह ने बताया कि सप्ताह के अन्य दिनों के लिए भी पदाधिकारियों की जिम्मेदारियां निर्धारित कर दी गई हैं। इसी कड़ी में मंगलवार को अपर्णा सिंह गौतम, मधुराज विश्वकर्मा, ओमप्रकाश पाल एवं गौरव शुक्ला। बुधवार को पंकज त्रिवेदी, रेखा पासवान, धर्मेंद्र सिंह, विवेक श्रीवास्तव ‘धीरू’ एवं शिवाकांत तिवारी। गुरुवार को सुशीला मौर्य, कुलदीप भदौरिया, विमलेश पांडेय एवं प्रसून तिवारी। शुक्रवार को पुष्पराज पटेल, अरिमर्दन सिंह, उमेश गुप्ता, सुमित द्विवेदी एवं शरद श्रीवास्तव। शनिवार को उदय लोधी, पंकज त्रिपाठी, राजबहादुर पासवान एवं सुधीर मिश्रा तथा रविवार को नीरज सिंह, संतोष गुप्ता (नेता), सुनीता गुप्ता एवं अखिलेश कुमार जिम्मेदारी निभाएंगे। भाजपा पदाधिकारियों का कहना है कि इस व्यवस्था के माध्यम से कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों की समस्याओं को सुनकर उनका त्वरित एवं प्रभावी समाधान कराने का प्रयास किया जाएगा, जिससे संगठन और जनता के बीच संवाद और अधिक मजबूत हो सके।





