युवा जिला उपाध्यक्ष युसूफ तबरेज का जोरदार स्वागत
15 मई को महेंद्र सिंह टिकैत की पुण्यतिथि मनाने का निर्णय
FATEHPUR NEWS: भारतीय किसान यूनियन की बैठक जिलाध्यक्ष नवल सिंह पटेल की अध्यक्षता में नहर कॉलोनी में संपन्न हुई। बैठक में संगठन को मजबूत करने के साथ-साथ किसानों की ज्वलंत समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान युवा जिला उपाध्यक्ष युसूफ तबरेज का जोरदार स्वागत किया गया। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि 15 मई को स्वर्गीय महात्मा महेंद्र सिंह टिकैत की पुण्यतिथि नहर कॉलोनी में श्रद्धापूर्वक मनाई जाएगी। इसके अलावा संगठन द्वारा चरणबद्ध आंदोलन की रूपरेखा भी तय की गई। जिसमें 1 मई को भिटौरा ब्लॉक के मिर्जापुर मिटारी, 5 मई को ऐराया ब्लॉक के धूमन कुआं, 8 मई को हसवा ब्लॉक के बहरामपुर तथा 13 मई को ऐराया ब्लॉक मुख्यालय का घेराव किया जाएगा। बैठक में किसानों की विभिन्न समस्याओं को प्रमुखता से उठाया गया। नेताओं ने कहा कि जल जीवन मिशन के तहत गांवों में पाइपलाइन बिछाई गई है, लेकिन पानी की आपूर्ति नहीं हो रही है। इसकी जांच कर दोषी कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की गई। इसके अलावा गेहूं खरीद केंद्रों पर अव्यवस्थाओं का मुद्दा उठाते हुए कहा गया कि किसानों का गेहूं भीग रहा है, जिससे उन्हें नुकसान हो रहा है। ऐसे केंद्रों पर तत्काल खरीद सुनिश्चित करने की मांग की गई। वहीं स्मार्ट मीटर लगाए जाने से बढ़े बिजली बिलों पर भी नाराजगी जताई गई और इसे जनहित के खिलाफ बताया गया। किसान नेताओं ने नहरों में तत्काल पानी छोड़े जाने और रात में हो रही बिजली कटौती बंद करने की भी मांग की। चेतावनी दी गई कि यदि समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो किसान आंदोलन को और तेज किया जाएगा। इस मौके पर राजेंद्र सिंह, अशोक उत्तम, विवेक सिंह, पंकज साहू, विपिन सिंह, युसूफ तबरेज, संजीत सिंह, दीपक मौर्य, शुभम सिंह सहित बड़ी संख्या में किसान नेता उपस्थित रहे।







