MIRZAPUR NEWS: जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय मिशन कंपाउंड में उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री अजय राय के निर्देश पर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डॉ. शिवकुमार सिंह पटेल एवं शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष भगवान दत्त पाठक उर्फ राजन पाठक के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता डॉ. राहुल राजभर द्वारा प्रेस वार्ता की गई। डॉ. राहुल राजभर ने कहा कि महोबा की एक दलित छात्रा का अपहरण कर 16 दिनों तक बंधक बनाकर रखा गया। उसके साथ न सिर्फ दुष्कर्म किया गया, बल्कि नारकीय व्यवहार भी किया गया। सरकार का कोई नुमाइंदा पीड़िता के घर नहीं पहुंचा। जब उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय पीड़िता का दुख साझा करने उसके घर जा रहे थे तो उन्हें रोकने की हर संभव कोशिश की गई, फिर भी वे पीड़िता के घर पहुंचे। यह संवेदनहीन सरकार खुद तो पीड़िता का दुख साझा करने की संवेदना नहीं रखती, उल्टे अजय राय के जाने से इतनी व्याकुल हो गई कि पूरे प्रदेश में भाजपाई कार्यकर्ताओं द्वारा उनके इस मानवीय और मार्मिक कार्य के विरोध में धरना-प्रदर्शन शुरू हो गए। कार्यकर्ताओं के साथ-साथ सरकार के मंत्री और विधायक भी आगे आकर प्रदेश अध्यक्ष का विरोध करने लगे। बेशर्मी की हद तो यह है कि सरकार के नुमाइंदों ने अजय राय के खिलाफ उनकी संपत्ति की जांच की मांग कर दी। बड़ा हास्यास्पद है कि आकंठ भ्रष्टाचार में डूबी यह सरकार और उसके मंत्री-विधायक कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय की संपत्ति की जांच की मांग कर रहे हैं, जबकि उनका सारा सार्वजनिक जीवन खुली किताब की तरह है। अभी दो दिन पूर्व ही आगरा नगर निगम ने प्राइवेट बिजली कंपनी टॉरेंट का 430 करोड़ रुपये माफ किया है। इसके पहले हजारों करोड़ रुपये पूंजीपतियों के माफ कर उनसे भाजपा ने वसूली की है। कांग्रेस यह सिद्ध कर चुकी है कि ‘काम लो, चंदा दो’ की नीति भाजपा सरकार बना चुकी है तथा ईडी, आयकर के छापों से वसूली की नीति भी भाजपा की बनाई हुई है। इससे बड़ा भ्रष्टाचार का उदाहरण भला और क्या हो सकता है? सरकार को वाकई अगर भ्रष्टाचार को बेनकाब करना है और उसमें साहस है तो अपने मंत्रियों और विधायकों की संपत्ति की जांच करा ले, तभी पता चल जाएगा कि पिछले 9 सालों में कितनी लूट हुई है। मिड-डे मील से लेकर सड़कों तक, अस्पताल की दवाइयों से लेकर मनरेगा तक चारों तरफ भ्रष्टाचार का बोलबाला है। यहां तक कि इन लोगों ने प्रभु राम की नगरी अयोध्या को भी नहीं छोड़ा। न सिर्फ मंदिर के चंदे पर लूट हुई है, बल्कि अयोध्या में विकास के नाम पर जितनी धन उगाही हुई है, वह सबके सामने है।
इस अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डॉ. शिवकुमार सिंह पटेल, शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष भगवान दत्त पाठक उर्फ राजन पाठक, जिला पंचायत सदस्य शिवशंकर चौबे, उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य एवं प्रवक्ता मिन्हाज अहमद, छोटे खान, गुलाबचंद पांडे, रमेश चंद प्रजापति, पप्पू राजधर दुबे, आनंद त्रिपाठी, रामनाथ दुबे, राजेंद्र विश्वकर्मा, विजय दुबे पहाड़ी, रितेश मिश्रा, रामसहाय सिंह, राजू भारती, कन्हैया लाल पाठक उपस्थित रहे।







