Home इटावा बिरारी में युवक की रहस्यमयी मौत, मौके पर पहुंची पुलिस व फॉरेंसिक...

बिरारी में युवक की रहस्यमयी मौत, मौके पर पहुंची पुलिस व फॉरेंसिक टीम जांच में जुटी

ETAWA NEWS: थाना इकदिल क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत बिरारी में शनिवार रात एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से गांव में हड़कंप मच गया। युवक की मौत के बाद परिजनों में कोहराम मच गया, वहीं ससुराल पक्ष ने अनहोनी की आशंका जताते हुए पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की गहन जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान जिला औरैया के थाना अयाना क्षेत्र अंतर्गत गांव नवादा ज्वालाप्रसाद निवासी शिवम उर्फ गोलू (30) पुत्र चंद्रभान के रूप में हुई है। बताया गया कि शिवम के माता-पिता का बचपन में ही देहांत हो गया था, जिसके बाद वह अपनी नानी सावित्री देवी के साथ ग्राम बिरारी में रह रहा था।
परिजनों के अनुसार शनिवार रात करीब नौ बजे शिवम की अचानक तबीयत बिगड़ गई। हालत गंभीर होने पर नानी सावित्री देवी व मामा कल्लू उसे सरकारी एंबुलेंस से जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को गांव लाकर बिरारी स्थित बारात घर में रख दिया गया। घटना की सूचना ससुराल पक्ष को दी गई। रविवार सुबह जब ससुरालीजन गांव पहुंचे तो उन्होंने मौत को संदिग्ध बताते हुए पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही सीओ सिटी अभय नारायण राय, थाना प्रभारी विक्रम सिंह चौहान व फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की। बताया गया कि मृतक शराब पीने का आदी था तथा उसे मिर्गी की बीमारी भी थी, जिसका इलाज चल रहा था। शिवम की शादी करीब एक वर्ष पूर्व गांव मुरैथा निवासी ब्रजेश कुमार की बेटी काजल से हुई थी। दंपती की करीब पांच माह की एक बेटी आराध्या भी है। मृतक के ससुर ब्रजेश कुमार ने बताया कि शिवम ने हाल ही में अपनी पैतृक जमीन बेची थी, जिससे उसे लाखों रुपये मिले थे। उन्हीं रुपयों को लेकर अनहोनी की आशंका जताई जा रही है। वहीं मृतक की नानी सावित्री देवी का आरोप है कि जमीन बेचने के बाद शिवम रुपये लेकर ससुराल गया था, जहां ससुराल पक्ष ने उससे रुपये ले लिए थे।
इस संबंध में थाना प्रभारी विक्रम सिंह चौहान ने बताया कि मृतक शराब पीने का आदी था और मिर्गी की बीमारी से भी ग्रसित था। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।