Home उत्तर प्रदेश बहू के उत्पीड़न में गई युवक की जान, अब मकान पर कब्जे...

बहू के उत्पीड़न में गई युवक की जान, अब मकान पर कब्जे की कोशिश का आरोप

विधवा बहू पर संपत्ति विवाद और परिवार को धमकाने का आरोप, एसएसपी से लगाई न्याय की गुहार
JHANSI NEWS: थाना प्रेमनगर क्षेत्र के वीरू नगर राजगढ़ निवासी सुमित्रा देवी पत्नी विजय कुमार ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई है। उन्होंने आरोप लगाया है कि उनके पुत्र की मृत्यु के बाद उनकी विधवा बहू लगातार परिवार के साथ विवाद कर रही है और अब मकान पर कब्जा करने का प्रयास कर रही है। सुमित्रा देवी के अनुसार, बहू आए दिन संपत्ति को लेकर विवाद खड़ा करती है और घर में तनावपूर्ण माहौल बनाए रखती है। उनका कहना है कि बहू अधिकांश समय घर से बाहर रहती है तथा कुछ दबंग लोगों के माध्यम से परिवार के सदस्यों को जान से मारने की धमकियां दिलवाती है। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि बहू परिवार को झूठे मुकदमों में फंसाने और दहेज उत्पीड़न जैसे मामलों में शिकायत दर्ज कराने की धमकी देती है। इससे पूरा परिवार भय और मानसिक तनाव के माहौल में जीवन यापन करने को मजबूर है। सुमित्रा देवी ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से मामले की निष्पक्ष जांच कराए जाने, परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा दोषियों के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है।