BALRAMPUR NEWS: कमाल खान (ब्यूरो प्रमुख) जनपद में स्कूली बच्चों को टिटनेस और डिप्थीरिया जैसी गंभीर बीमारियों से बचाने के उद्देश्य से विशेष टीडी (Td) टीकाकरण अभियान की शुरुआत हो गई है। यह अभियान 30 अप्रैल 2026 तक जनपद के विभिन्न स्कूलों में संचालित किया जाएगा। जनपद में इस अभियान का शुभारंभ जिलाधिकारी डॉ विपिन कुमार जैन द्वारा आईएसजी कॉन्वेंट स्कूल में किया गया। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मुकेश कुमार रस्तोगी, जिला क्षय रोग अधिकारी सहित स्वास्थ्य विभाग एवं विद्यालय के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। अभियान के तहत 10 से 16 वर्ष आयु वर्ग के किशोर-किशोरियों को टीडी वैक्सीन लगाई जा रही है, जिससे उन्हें टिटनेस और डिप्थीरिया जैसी जानलेवा बीमारियों से सुरक्षा मिलेगी। यह अभियान विशेष रूप से स्कूलों के माध्यम से चलाया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक बच्चों को लाभान्वित किया जा सके। जिलाधिकारी ने अभिभावकों एवं विद्यालय प्रबंधन से अपील की है कि वे इस अभियान में सहयोग करें और बच्चों को अनिवार्य रूप से टीकाकरण के लिए प्रेरित करें, जिससे जनपद को संक्रामक रोगों से सुरक्षित बनाया जा सके।







