Home उत्तर प्रदेश बढ़नी में पीस कमेटी की बैठक के बाद जुलूस मार्गों पर पुलिस...

बढ़नी में पीस कमेटी की बैठक के बाद जुलूस मार्गों पर पुलिस का फ्लैग मार्च

माहौल बिगाड़ने वालों और नशे के सौदागरों पर होगी सख्त कार्रवाई, अभिभावक रखें बच्चों पर नजर: क्षेत्राधिकारी मयंक द्विवेदी
SIDHARTHNAGAR NEWS: आगामी त्यौहारों—बारा रबीउल अव्वल, रक्षाबंधन और श्रीकृष्ण जन्माष्टमी को शांतिपूर्ण व सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से रविवार को सात्विक मैरिज हॉल में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। शोहरतगढ़ क्षेत्राधिकारी मयंक द्विवेदी की अध्यक्षता में संपन्न इस बैठक में दोनों समुदायों के संभ्रांत नागरिकों, धर्मगुरुओं, सभासदों और जुलूस आयोजकों ने भाग लिया। बैठक को संबोधित करते हुए क्षेत्राधिकारी मयंक द्विवेदी ने सभी से आपसी तालमेल, शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की। उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि त्यौहारों के दौरान माहौल बिगाड़ने का प्रयास करने वालों, शांति व्यवस्था में खलल डालने वालों और सोशल मीडिया पर भ्रामक अफवाह फैलाने वाले असामाजिक तत्वों से पुलिस पूरी सख्ती से निपटेगी। बैठक के दौरान नगर के मनोनीत सभासद ने क्षेत्र में अवैध नशे के बढ़ते चलन का मुद्दा उठाया। इस पर त्वरित संज्ञान लेते हुए क्षेत्राधिकारी ने कड़ा रुख अपनाया और कहा कि नशे के अवैध कारोबार पर पुलिस ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति पर काम कर रही है। कई लोगों पर पहले ही कार्रवाई हो चुकी है और शेष संदिग्धों की कुंडली खंगाली जा रही है; किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। इसके साथ ही उन्होंने अभिभावकों को जागरूक करते हुए बच्चों की शिक्षा, उनकी संगति और मोबाइल के इस्तेमाल पर सतत निगरानी रखने की सलाह दी। पीस कमेटी की बैठक संपन्न होने के बाद क्षेत्राधिकारी मयंक द्विवेदी और ढेबरुआ कोतवाली प्रभारी निरीक्षक दुर्गा प्रसाद के नेतृत्व में भारी पुलिस बल के साथ कस्बे के प्रमुख जुलूस मार्गों, व्यस्त बाजारों और संवेदनशील चौराहों पर पैदल गश्त व फ्लैग मार्च किया गया। इस दौरान क्षेत्राधिकारी मयंक द्विवेदी ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जवानों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस मौके पर बढ़नी चौकी इंचार्ज वीरेंद्र यादव, उप निरीक्षक वीरेंद्र कुमार पासवान, उप निरीक्षक राजाराम यादव, सभासद निजाम अहमद, त्रियुगी अग्रहरि, वसीम खान, गणेश अग्रहरि, धर्मेंद्र पाठक, बाबा इब्राहिम, सफीउल्लाह, राजकुमार उर्फ राजू शाही और अहमद सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे। सभी ने प्रशासन को शांति व्यवस्था बनाए रखने में पूर्ण सहयोग का भरोसा दिया।