Home उत्तर प्रदेश बढ़नी पीएचसी में सजा स्वास्थ्य शिविर, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की सौगात का...

बढ़नी पीएचसी में सजा स्वास्थ्य शिविर, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की सौगात का ऐलान

ओरल हेल्थ कैंप में उमड़ी भीड़, 30 बेड अस्पताल की स्वीकृति से बढ़ी उम्मीदें

विधायक बोले— जनता ही ताकत, जल्द शुरू होगा सीएचसी निर्माण कार्य

PRAYAGRAJ NEWS: प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बढ़नी परिसर में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत आयोजित ओरल हेल्थ कैंप एवं जन स्वास्थ्य शिविर रविवार को जनसेवा का सशक्त मंच बनकर उभरा। शिविर में बड़ी संख्या में क्षेत्रीय लोगों ने पहुंचकर दंत एवं सामान्य स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। इस दौरान विधायक ने जनता-जनार्दन से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश दिए। साथ ही विभिन्न चिकित्सकीय स्टालों का निरीक्षण करते हुए स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा आयोजित गोद-भराई कार्यक्रम में भी सहभागिता निभाई। मुख्य अतिथि शोहरतगढ़ विधायक विनय वर्मा एवं विशिष्ट अतिथि सीएमओ डॉ. रजत कुमार चौरसिया की उपस्थिति में कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ हुआ। विधायक ने फीता काटकर शिविर का उद्घाटन किया, जिसके साथ ही पूरे परिसर में उत्साह का माहौल बन गया। इस अवसर पर सीएचसी अधीक्षक डॉ. ए.के. आजाद, डिप्टी सीएमओ डॉ. आशीष अग्रहरि, महामारी रोग विशेषज्ञ समीर सिंह, एमओआईसी डॉ. अविनाश चौधरी सहित अन्य स्वास्थ्य अधिकारी मौजूद रहे। साथ ही भाजपा नेता प्रदीप कमलापुरी, हरीश वर्मा, निषाद पार्टी जिलाध्यक्ष रामदास मौर्य, रत्नेश सोनी, हरगोविंद मिश्र, संतराम अग्रहरि, भाजयुमो जिले मंत्री विवेक गुप्ता, भाजयुमो मंडल अध्यक्ष मनोज सोनी, इमरान अहमद तथा भाजयुमो मंडल महामंत्री दुर्गेश पाण्डेय सहित कई जनप्रतिनिधियों व गणमान्य लोगों की गरिमामयी उपस्थिति रही। शिविर में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र इटवा,लोटन, मिठवल व जोगिया की मेडिकल टीमों ने सक्रिय भागीदारी निभाते हुए सैकड़ों मरीजों का परीक्षण किया। सीएमओ डॉ. रजत कुमार चौरसिया की देखरेख में एमओआईसी डॉ. अविनाश चौधरी के नेतृत्व में विशेषज्ञ चिकित्सकों— डॉ. प्रदीप वर्मा, डॉ. एस.के. भारती (स्त्री एवं प्रसूति रोग), डॉ. शिवानी सिंह (दंत रोग), डॉ. अर्जुन यादव, डॉ. ओ.पी. यादव एवं डॉ. तैय्यबा (जनरल मेडिसिन) ने अपनी सेवाएं दीं। लैब टेक्नीशियन अख्तर हुसैन, कृतिका मिश्रा, वंशी लाल, चीफ फार्मासिस्ट राजकमल त्रिपाठी, फार्मासिस्ट रामसहाय वर्मा, स्टाफ नर्स अमृता पांडेय, श्रद्धा, संध्या, सपना, स्वास्थ्य पर्यवेक्षक राजकुमार, बीसीपीएम राजेश कुमार, डाटा एंट्री ऑपरेटर विजय कीर्ति चंदन तथा वार्ड बॉय मकसूदन यादव ने व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। विधायक विनय वर्मा ने कहा कि जनता ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि क्षेत्र की किसी भी समस्या के समाधान में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी। उन्होंने बताया कि बढ़नी पीएचसी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उच्चीकृत करने की स्वीकृति मिल चुकी है और जल्द ही इसका भूमिपूजन कर निर्माण कार्य प्रारंभ कराया जाएगा। सीएमओ डॉ. रजत कुमार चौरसिया ने जानकारी दी कि 30 बेड के अस्पताल की मंजूरी मिल चुकी है और शीघ्र ही निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा, जिससे क्षेत्रीय लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी।भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ अध्यक्ष प्रदीप कमलापुरी ने विधायक की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने क्षेत्र के विकास कार्यों को नई गति दी है। उन्होंने यह भी कहा कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के लिए भूमि चयन का कार्य विधायक ने अधिकारियों के साथ इतनी तेजी से पूरा कराया, जो सामान्यतः कोई जनप्रतिनिधि इतने कम समय में नहीं कर पाता। कार्यक्रम के अंत में प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. अविनाश चौधरी ने सभी अतिथियों, स्वास्थ्यकर्मियों एवं उपस्थित जनसमूह के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम के समापन की घोषणा की। शिविर में भारी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक, आशा एवं आशा संगिनी सहित अन्य स्वास्थ्य कर्मी उपस्थित रहीं।