महिला जागरुक मंच ने चना-हलवा प्रसाद वितरण कर पेश की अनुकरणीय उदाहरण
BHADOHI NEWS: धार्मिक आस्था और सेवा भाव के प्रतीक बड़े मंगल के अवसर पर नगर में महिला जागरुक मंच द्वारा एक सराहनीय सामाजिक पहल की गई। नगर के आईसीआईसीआई बैंक के पास स्थित एक कालीन कंपनी के समीप आयोजित इस कार्यक्रम में श्रद्धालुओं एवं जरूरतमंदों के बीच चना और हलवा का प्रसाद वितरित किया गया। इस सेवा कार्य ने जहां धार्मिक उत्साह को बढ़ाया तो वहीं समाज में सहयोग और मानवता का संदेश दिया। कार्यक्रम का नेतृत्व मंच की संयोजक संगीता खन्ना ने किया। उनके मार्गदर्शन में महिलाओं ने पूरे उत्साह और समर्पण के साथ आयोजन को सफल बनाया। इस दौरान अनीता गुप्ता, सीमा खत्री, अंजना गुप्ता, अलका बरनवाल, प्रीति शर्मा, दीपाली जायसवाल, रीना बरनवाल, पल्लवी धवन, अंजली मौर्य सहित अन्य महिलाओं की सक्रिय भागीदारी रही, जिन्होंने सेवा कार्य में बढ़-चढ़कर योगदान दिया। महिलाओं ने राहगीरों और श्रद्धालुओं को आदरपूर्वक प्रसाद वितरित कर बड़े मंगल के महत्व को सजीव किया। संयोजक संगीता खन्ना ने बताया कि इस वर्ष आठ बड़े मंगल पड़ रहे हैं और प्रत्येक मंगलवार को नगर के विभिन्न स्थानों पर इसी तरह के दान-पुण्य और सेवा कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम के दौरान स्थानीय लोगों ने भी महिला जागरुक मंच की इस पहल की सराहना की और इसे समाज के लिए प्रेरणादायक बताया। अंत में सभी सदस्यों ने एकजुट होकर भविष्य में भी समाज सेवा के ऐसे कार्य निरंतर जारी रखने का संकल्प लिया।







