Home आस्था फतेहपुर में गविष्ठ यात्रा का भव्य आगमन, सुजानपुर से खागा तक उमड़ा...

फतेहपुर में गविष्ठ यात्रा का भव्य आगमन, सुजानपुर से खागा तक उमड़ा आस्था का जनसैलाब

शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती का ऐतिहासिक स्वागत, हेमलता पटेल को मिली गौरक्षा अभियान की अहम जिम्मेदारी
FATEHPUR NEWS: बुधवार को सनातन धर्म के प्रमुख आध्यात्मिक मार्गदर्शक की पावन गविष्ठ यात्रा (गोरक्षा यात्रा) का ऐतिहासिक एवं भव्य आगमन हुआ। यात्रा के जनपद में प्रवेश के साथ ही धार्मिक आस्था, उत्साह और गौरक्षा के संदेश से वातावरण भक्तिमय हो उठा। अयाहशाह विधानसभा क्षेत्र के बहुआ ब्लॉक अंतर्गत ग्राम सुजानपुर से लेकर खागा तक श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा और जगह-जगह शंकराचार्य महाराज का जोरदार स्वागत किया गया। सुजानपुर में यात्रा के पहुंचते ही पूरा क्षेत्र “जय गोमाता”, “हर-हर महादेव” और सनातन धर्म के जयघोष से गुंजायमान हो उठा। कार्यक्रम की स्वागताध्यक्ष, ग्राम प्रधान एवं गुलाबी गैंग लोकतांत्रिक की अध्यक्ष हेमलता पटेल के नेतृत्व में सैकड़ों ग्रामीणों, महिलाओं और श्रद्धालुओं ने शंकराचार्य महाराज का भव्य स्वागत किया। श्रद्धालुओं द्वारा पुष्पवर्षा कर उनका अभिनंदन किया गया, जबकि हेमलता पटेल ने अपने पति धर्मेंद्र कुमार के साथ भगवान शिव की प्रतिमा भेंट कर आशीर्वाद प्राप्त किया। सुजानपुर बारातशाला परिसर में आयोजित कार्यक्रम में हजारों श्रद्धालुओं ने शंकराचार्य महाराज के दर्शन कर उनका आशीर्वचन सुना। श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए शंकराचार्य महाराज ने कहा कि गोमाता की रक्षा और संरक्षण प्रत्येक सनातनी का परम कर्तव्य है। उन्होंने उपस्थित जनसमूह को गौरक्षा का संकल्प दिलाते हुए समाज के सभी वर्गों से इस अभियान में सहभागिता निभाने का आह्वान किया। इस अवसर पर शंकराचार्य महाराज ने हेमलता पटेल पर विश्वास व्यक्त करते हुए उन्हें संपूर्ण विधानसभा क्षेत्र में गौरक्षा संदेश को जन-जन तक पहुंचाने और सर्वसहयोग से गौधाम निर्माण अभियान को आगे बढ़ाने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी। कार्यक्रम के अनुशासित संचालन और जनसहभागिता को लेकर संतों एवं क्षेत्रवासियों ने हेमलता पटेल की सराहना भी की। सुजानपुर में भव्य स्वागत के बाद गविष्ठ यात्रा अपने अगले पड़ावों की ओर रवाना हुई। जनपद के विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए यात्रा जब खागा पहुंची, तो वहां भी धार्मिक उत्साह का अनूठा दृश्य देखने को मिला। अखिल भारतवर्षीय यादव महासभा के पदाधिकारियों, व्यापार मंडल प्रतिनिधियों, समाजसेवियों, विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं तथा बड़ी संख्या में युवाओं ने यात्रा का गर्मजोशी से स्वागत किया। पुष्पमालाओं और पुष्पवर्षा के माध्यम से शंकराचार्य महाराज का अभिनंदन किया गया। स्वागत समारोह के दौरान “जय गोमाता”, “हर-हर महादेव” और “सनातन धर्म की जय” के नारों से वातावरण गूंज उठा। उपस्थित वक्ताओं ने कहा कि गविष्ठ यात्रा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि समाज को गौरक्षा, गौसेवा और सनातन संस्कृति के संरक्षण के प्रति जागरूक करने का व्यापक जनआंदोलन है। लोगों ने सामाजिक एकता और गौरक्षा के प्रति सामूहिक संकल्प भी लिया। यात्रा के दौरान दोनों स्थानों पर श्रद्धालुओं के लिए शरबत, शीतल जल एवं प्रसाद की व्यवस्था की गई। कार्यक्रम में क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, महिलाओं, युवाओं और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की सहभागिता रही, जिससे पूरा आयोजन धार्मिक आस्था और सामाजिक एकजुटता का प्रतीक बन गया। इस अवसर पर अखिल भारतवर्षीय यादव महासभा के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं युवा प्रभारी चौधरी राजेश यादव, वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं व्यापार मंडल से जुड़े प्रकाश पाण्डेय, वरिष्ठ पत्रकार रितेश पांडेय, वरिष्ठ पत्रकार सरोज पांडेय, नफीस अहमद उर्फ मुन्ना राइन, पूर्व विधानसभा प्रत्याशी एवं पूर्व डीआईजी तीर्थ परमहंस, सभासद वसीम, प्रधान यशवंत सिंह यादव, फूल सिंह प्रधान सलेमपुर, भूप सिंह, सुरेन्द्र यादव, डॉ. अजीत सिंह, नर सिंह यादव, मंगल यादव, जय सिंह तथा संगीता राज पासी सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।