KHIRI/PRAYAGRAJ NEWS: खीरी।थाना खीरी क्षेत्र के ग्राम पंचायत ज़ोरवट के पाठकपुर गांव में आवारा कुत्ते के हमले में सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।घटना 19 जुलाई दिन रविवार के भोर में करीब साढ़े तीन से चार बजे के बीच हुई, जिसके बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल बन गया है। हमले में इन्द्र लाल कुशवाहा (अध्यापक),गरिमा कुशवाहा,राघवेंद्र शुक्ला पुत्र अवध नारायण, उनकी पत्नी अनुराधा शुक्ला, राघव मुरारी शुक्ला पुत्र लक्ष्मी नारायण शुक्ला समेत गायत्री देवी वर्मा पत्नी स्व. संगम लाल वर्मा घायल हो गये।इंद्रलाल के हाथ और कान पर गंभीर चोटें आई हैं, जबकि राघवेंद्र शुक्ला के चेहरे, राघव मुरारी के सीने और हाथ तथा गायत्री देवी के हाथ में गहरे घाव हुए हैं। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए प्रयागराज के स्वरूप रानी नेहरू अस्पताल रेफर किया गया है।जहां उनका उपचार जारी है। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में स्थित सरकारी पशुबाड़े से मृत मवेशियों को गांव के समीप तालाब और श्मशान घाट के पास खुले में फेंक दिया जाता है। उनका कहना है कि इससे कुत्ते मृत पशुओं का मांस खाने के आदी होकर अधिक आक्रामक हो गए हैं और अब इंसानों व पालतू जानवरों पर भी हमला कर रहे हैं। इस संबंध में ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान योगेश कुमार द्विवेदी पर लापरवाही का आरोप लगाया है, हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने एक हमलावर कुत्ते को लाठी-डंडों से मार गिराने का दावा किया। हालांकि, कुछ लोगों का कहना है कि कुत्ता घायल अवस्था में बांध दिया गया था, लेकिन बाद में वह वहां से गायब हो गया। ग्रामीणों के अनुसार, आसपास के क्षेत्रों, विशेषकर पड़ोसी गांव डीहीपटखा में भी ऐसे कुत्तों की मौजूदगी देखी गई है, जिससे लोगों में भय बना हुआ है। पीड़ितों और ग्रामीणों ने थाना खीरी, उपजिलाधिकारी कोरांव तथा जिलाधिकारी प्रयागराज को सोमवार तक प्रार्थनापत्र देकर आवारा कुत्तों पर नियंत्रण, मृत मवेशियों के वैज्ञानिक निस्तारण तथा दोषियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की मांग करने की बात कही है। ग्रामीणों ने प्रशासन से गांव में तत्काल राहत एवं सुरक्षा के उपाय सुनिश्चित करने की भी अपील की है।







