Home उत्तर प्रदेश पहले दिन विभिन्न पदों पर नौ प्रत्याशियों ने किया नामांकन, चुनावी गहमागहमी...

पहले दिन विभिन्न पदों पर नौ प्रत्याशियों ने किया नामांकन, चुनावी गहमागहमी तेज

PRATAPGARH NEWS:  संयुक्त अधिवक्ता संघ के चुनाव में नामांकन के पहले दिन शनिवार को विभिन्न पदों पर नौ प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र दाखिल किया। तहसील परिसर में समर्थकों के साथ प्रत्याशियों को गाजे बाजे के बीच साथी अधिवक्ताओं से सम्पर्क करते हुए लाइब्रेरी हाल पहुंचते देखा गया। अधिवक्ताओं के चुनाव मे नामांकन प्रक्रिया को लेकर स्थानीय पुलिस को भी परिसर में तैनात देखा गया। यहां प्रत्याशियो ने चुनाव समिति के अध्यक्ष ज्ञानप्रकाश शुक्ल के समक्ष समर्थकों व प्रस्तावकों के साथ अपने नामांकन पत्र दाखिल किये। समिति के महामंत्री वीरेन्द्र सिंह ने बताया कि नामांकन करने वालो में वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर अबरार अहमद खान व जयकरन सिंह तथा महामंत्री पद पर लाल स्नेहांश प्रताप सिंह अंकित, कोषाध्यक्ष पद पर अतुल सिंह, प्रचार मंत्री पद पर अमन द्विवेदी एवं कार्यकारिणी सदस्य के लिए चंद्रप्रकाश, वकील अहमद, राजकुमार मिश्र व प्रशांत कुमार पटेल ने अपने नामांकन पत्र प्रस्तुत किये हैं। नामांकन प्रक्रिया की देखरेख में चुनाव समिति के शिवाकांत उपाध्याय, बेनीलाल शुक्ल, रामलगन यादव, शैलेन्द्र चतुर्वेदी व संतोष पाण्डेय को मशक्कत करते देखा गया। नामांकन प्रक्रिया के दौरान परिसर से लेकर चुनाव समिति के कार्यालय तक चुनावी गहमागहमी तेज दिखी। एहतियातन कोतवाली के एसएसआई अरूण सिंह भी फोर्स के साथ नामांकन प्रक्रिया के दौरान मुस्तैद दिखे। समिति के अध्यक्ष ज्ञानप्रकाश शुक्ल ने बताया कि अगले सप्ताह सत्ताईस एवं अटठाईस अप्रैल को भी प्रत्याशियों का नामांकन जारी रहेगा।