KUSHINAGAR NEWS: स्थानीय नगर के बड़ली चौक–रामकोला मार्ग पर सड़क किनारे भारी वाहनों की अवैध पार्किंग लोगों के लिए बड़ी समस्या बन गई है। इस व्यस्त मार्ग के दोनों किनारों पर दिन-रात बसें, ट्रक और अन्य भारी वाहन खड़े रहने से यातायात व्यवस्था चरमरा गई है। आए दिन जाम लगने से राहगीरों, स्कूली बच्चों, मरीजों और स्थानीय व्यापारियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय निवासी मुन्ना, इंताज, राजू, राजन और पंकज ने बताया कि यह मार्ग धीरे-धीरे अवैध पार्किंग स्थल में तब्दील हो गया है। सड़क किनारे घंटों तक भारी वाहनों के खड़े रहने से दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। कई बार संबंधित विभाग और प्रशासन से शिकायत करने के बावजूद अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकल सका है,जिससे लोगों में नाराजगी है।लोगों का कहना है कि सड़क पर खड़े भारी वाहनों के कारण अक्सर लंबा जाम लग जाता है।कई बार एंबुलेंस और स्कूली वाहनों को भी जाम में फंसना पड़ता है।व्यापारियों का भी कहना है कि अव्यवस्थित पार्किंग के कारण ग्राहकों को आने-जाने में दिक्कत होती है,जिससे कारोबार प्रभावित हो रहा है। मामले को गंभीरता से लेते हुए सदर उपजिलाधिकारी राकेश प्रताप सिंह ने ट्रैफिक इंस्पेक्टर अश्वनी राय को सड़क किनारे खड़े भारी वाहनों को हटाने तथा अवैध अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने सड़क को अवैध पार्किंग से मुक्त कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा है। नागरिकों का कहना है कि यदि नियमित रूप से अभियान चलाकर सड़क किनारे अवैध पार्किंग पर रोक लगाई जाए तो यातायात व्यवस्था सुचारु होगी और आमजन को जाम की समस्या से राहत मिलेगी।







