पीछे खेत में टूटा सूटकेस और बिखरा सामान मिला, सूचना पर पहुंची पुलिस ने शुरू की जांच
SANGRAM GARH NEWS: संग्रामगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम पूरे चमेला का पुरवा (बकोल) में मंगलवार देर रात चोरों ने दो मकानों की पीछे की पक्की दीवार में सेंध काटकर लाखों रुपये के जेवरात, नकदी, खाद्यान्न, वस्त्र एवं बर्तन चोरी कर लिए। पीड़ित हृदय लाल निर्मल उर्फ कल्लू ने बताया कि उनके घर से ₹14,000 नकद सहित जेवरात, कपड़े, बर्तन व अन्य घरेलू सामान चोरी हो गया। वहीं पड़ोस में रहने वाली रामावती, पत्नी स्वर्गीय शिवबालक, के घर से ₹18,000 नकद के अलावा जेवरात एवं अन्य कीमती सामान चोर उठा ले गए। घटना के बाद बुधवार सुबह ग्रामीण जब खेतों की ओर गए तो घर के पीछे खेत में टूटा हुआ सूटकेस, पेटी और बिखरा हुआ सामान पड़ा मिला। इसकी जानकारी मिलने पर गृहस्वामी मौके पर पहुंचे तो देखा कि मकानों की पिछली पक्की दीवार में सेंध काटकर चोरी की गई है। घटना की सूचना तत्काल संग्रामगढ़ पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, घटनास्थल का निरीक्षण किया और आवश्यक जानकारी जुटाकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।









