MIRZAPUR NEWS: (सुनील कुमार गुप्ता) अग्रणी सामाजिक संस्था के. एस. पी. ट्रस्ट ने पश्चिम बंगाल के राज्यसभा सदस्य नागेन्द्र राय उर्फ अनंत महाराज द्वारा विगत दिनों महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी नेताजी सुभाष चन्द्र बोस के विषय में की गई अभद्र टिप्पणी की घोर निन्दा की है। इस विषय में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी व भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन को पत्र भेज कर उक्त सांसद के विरुद्ध कार्यवाही की मांग करते हुए ट्रस्ट के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. शक्ति श्रीवास्तव ने कहा कि तुम मुझे खून दो – मैं तुम्हें आजादी दूंगा का उदघोष करने वाले नेताजी द्वारा अंग्रेज सरकार के खिलाफ हथियार उठाने को गलत ठहराते हुए भाजपा के राज्यसभा सदस्य अनंत महाराज ने उन्हें मृत्युदंड दिए जाने की बात कही है, जो देश के लिए अपने प्राण न्यौछावर कर देने शहीदों का घोर अपमान है। इस घृणित वक्तव्य हेतु देश विरोधी संकीर्णवादी सोच रखने वाले ऐसे सांसद के खिलाफ कड़ी कार्यवाही किया जाना नितांत आवश्यक है, जिससे भविष्य में देश के रणबांकुरों के खिलाफ कोई भी व्यक्ति गलत बयानबाजी की हिम्मत न कर सके। पत्र में उन्होंने कहा है कि एक साधारण परिवार में जन्म लेकर अपनी प्रतिभा के बल पर नेताजी सुभाष चन्द्र ने कोलकाता के प्रेसीडेंसी कॉलेज व स्कॉटिश चर्च कॉलेज से शिक्षा ग्रहण करने के पश्चात उस समय के आई.ए.एस. परीक्षा के समकक्ष आई.सी.एस. परीक्षा उत्तीर्ण की, परन्तु देशसेवा की खातिर इस उच्च नौकरी को त्याग कर आजाद हिंद फौज का गठन करते हुए देश की आजादी हेतु क्रांति का बीड़ा उठा लिया। यद्यपि कि ऐसे महापुरुष किसी भी क्षेत्र, जाति, वर्ग, धर्म व संप्रदाय से ऊपर उठ कर होते हैं, फिर भी महान क्रांतिकारी अमर शहीद नेताजी सुभाष चन्द्र बोस के प्रति ऐसी अति निदनीय टिप्पणी कर राज्यसभा सांसद नागेन्द्र राय उर्फ अनंत महाराज ने देशभक्तों की भावना को आहत करते हुए शहीदों के अपमान के साथ ही कायस्थ समाज व बंगाली अस्मिता को भी भारी ठेस पहुंचाई है।







