Home उत्तर प्रदेश नवाचार आधारित शिक्षण पर जोर, सपोर्टिव सुपरविजन में परखी गई कक्षाओं की...

नवाचार आधारित शिक्षण पर जोर, सपोर्टिव सुपरविजन में परखी गई कक्षाओं की गुणवत्ता

हिसामपुर पर सखी प्राथमिक विद्यालय में एलएलएफ व शिक्षा विभाग की टीम ने किया शैक्षणिक अवलोकन, शिक्षकों को दिए प्रभावी शिक्षण के सुझाव
KAUSHAMBI NEWS: कड़ा विकासखंड क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय हिसामपुर पर सखी में शुक्रवार को शैक्षिक गुणवत्ता सुदृढ़ करने के उद्देश्य से शैक्षिक सपोर्टिव सुपरविजन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान शिक्षा विभाग की एआरपी सबीना बानो व लैंग्वेज एंड लर्निंग फाउंडेशन (एलएलएफ) की ब्लॉक एकेडमिक कोऑर्डिनेटर रेशमा बानो रंगरेज ने विद्यालय पहुंचकर कक्षा शिक्षण का गहन अवलोकन किया और शिक्षकों को नवाचार आधारित एवं गतिविधि-आधारित शिक्षण पद्धतियों को अपनाने के लिए प्रेरित किया। रेशमा बानो रंगरेज ने कहा कि यदि बच्चों को उनकी मातृभाषा और समझ के अनुरूप सरल व रोचक तरीके से पढ़ाया जाए तो उनकी सीखने की गति और शैक्षिक उपलब्धि में उल्लेखनीय सुधार होता है। उन्होंने विभिन्न शिक्षण तकनीकों का प्रदर्शन करते हुए शिक्षकों को भाषा व गणित शिक्षण को अधिक प्रभावी बनाने के व्यावहारिक सुझाव दिए। सपोर्टिव सुपरविजन के दौरान उन्होंने कक्षाओं में जाकर बच्चों से संवाद किया, उनकी अधिगम क्षमता का आकलन किया व नवीन शिक्षण विधियों के माध्यम से बच्चों को सीखने की गतिविधियों में सहभागी बनाया। साथ ही विद्यालय में संचालित शिक्षण कार्य की सराहना करते हुए शिक्षकों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए निरंतर प्रयासरत रहने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के प्रधानाध्यापक रामकृष्ण, सहायक अध्यापिका माया सिंह व रिया सेठी, शिक्षामित्र संध्या देवी पटेल और बीरेंद्र कुमार सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा। सभी ने बच्चों के सर्वांगीण विकास व शैक्षिक गुणवत्ता को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का संकल्प व्यक्त किया।