JHANSI NEWS: नगर आयुक्त ने बुधवार को पठौरिया क्षेत्र में निर्माणाधीन नाले तथा विभिन्न वार्डों में चल रहे नाला सफाई कार्यों का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्य में तेजी लाने तथा वर्षा ऋतु से पूर्व नालों की समुचित सफाई सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया। निरीक्षण के दौरान मुख्य अभियंता ने नगर आयुक्त को बताया कि पठौरिया में नाले की खुदाई के समय चट्टानी पत्थर निकलने के कारण निर्माण कार्य प्रभावित हो रहा है। पत्थरों को काटकर नाला निर्माण कराया जा रहा है, जिससे कार्य में अपेक्षा से अधिक समय लग रहा है। इस पर नगर आयुक्त ने मशीनों एवं श्रमिकों की संख्या बढ़ाकर कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। इसके बाद नगर आयुक्त ने वार्ड संख्या-8 नई बस्ती आतियांताल रोड से श्री रामजानकी मंदिर, पठला श्री हनुमान जी मंदिर पार्क होते हुए मुख्य मार्ग तथा घटोरिया तक चल रहे नाला सफाई कार्य का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान नाले से निकाली गई सिल्ट मौके पर पड़ी मिली, जिसे हटाने का कार्य जारी था। नगर आयुक्त ने अधिशासी अभियंता को निर्देशित किया कि सिल्ट का समयबद्ध उठान कराया जाए तथा नालों की तलीझाड़ सफाई सुनिश्चित की जाए, जिससे बरसात के दौरान जलभराव की समस्या उत्पन्न न हो। उन्होंने नाला सफाई कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण कराने के भी निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान क्षेत्रीय पार्षद राजवीर सिंह, मुख्य अभियंता डॉ. विनीत कुमार, नगर स्वास्थ्य अधिकारी बिपिन कुमार, सहायक अभियंता, सफाई निरीक्षक अभिलाष, अवर अभियंता पंकज यादव सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।







