BARA/PRAYAGRAJ NEWS: (मनोज कुमार बिन्द) बारा थाना पुलिस ने दहेज हत्या के चर्चित मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए गुरुवार को एक 17 वर्षीय बाल अपचारी (नाबालिग) को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार किशोर मृतका रंजना का पति है और पूछताछ में उसने पत्नी की हत्या कर शव को ठिकाने लगाने की बात स्वीकार की है। पुलिस ने आरोपी को विधिक प्रक्रिया के तहत किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत करने की तैयारी शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, थाना बारा में विभिन्न धाराओं एवं दहेज प्रतिषेध अधिनियम के अंतर्गत मुकदमा दर्ज है। यह मामला प्रयागराज के उभारी गांव निवासी शिवशंकर पाण्डेय द्वारा दर्ज कराई गई तहरीर पर शुरू हुआ था। उन्होंने आरोप लगाया था कि उनकी पुत्री रंजना से 11 जून के बाद संपर्क नहीं हो पा रहा था। जब वह ससुराल पहुंचे तो सास-ससुर ने बताया कि वह दो दिन पहले कहीं चली गई है, जिससे उन्हें अनहोनी की आशंका हुई। इसी बीच 12 जून को फतेहपुर जनपद के खागा थाना क्षेत्र में एक अज्ञात महिला का शव बरामद हुआ था। पोस्टमार्टम और पहचान की प्रक्रिया के बाद शव की पहचान रंजना के रूप में हुई। इसके बाद मामले में हत्या, साक्ष्य छिपाने और दहेज प्रताड़ना से संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी की गई तथा सहायक पुलिस आयुक्त बारा के निर्देशन में पुलिस टीम गठित की गई। मुखबिर की सूचना पर गुरुवार शाम करीब 6:10 बजे पुलिस ने चिल्ला गौहानी क्षेत्र से बाल अपचारी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में किशोर ने बताया कि उसकी पत्नी रंजना का दहेज को लेकर घर में अक्सर विवाद होता था। इसी दौरान गुस्से में उसने ईंट से सिर पर वार कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद उसने यह भी स्वीकार किया कि उसके माता-पिता ने शव को बोरे में भरकर फतेहपुर के खागा क्षेत्र स्थित हाईवे के पास फेंक दिया था।
पुलिस का कहना है कि आरोपी के बयान के आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है। साथ ही अन्य नामजद आरोपियों की भूमिका की भी गहन जांच की जा रही है। पुलिस ने बताया कि मामले में नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्रवाई जारी है।





