JHANSI NEWS: ग्राम चदरऊ धवारी, थाना उल्दन निवासी कालका प्रसाद ने पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) झांसी को प्रार्थना पत्र देकर अपनी पुत्री की कथित हत्या के मामले में एफआईआर दर्ज कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। प्रार्थना पत्र के अनुसार, कालका प्रसाद ने बताया कि लगभग छह वर्ष पूर्व उन्होंने अपनी पुत्री सिम्पी का विवाह थाना टहरौली क्षेत्र के रमपुरा निवासी राघवेंद्र के साथ हिंदू रीति-रिवाज से किया था। विवाह में नगद राशि, जेवरात तथा अन्य दहेज का सामान भी दिया गया था। आरोप है कि विवाह के बाद से ससुराल पक्ष के लोग अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर उनकी पुत्री के साथ मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देते रहे। पीड़ित ने आरोप लगाया कि ससुराल पक्ष के लोगों ने एक अन्य युवक के साथ मिलकर साजिश रची और उनकी पुत्री को झांसी के एक होटल में बुलाकर जहरीला पदार्थ देकर उनकी हत्या कर दी। साथ ही आरोप लगाया कि घटना के बाद उनकी पुत्री पर ही झूठे आरोप लगाए गए और न्याय के लिए कई दिनों तक अधिकारियों के चक्कर लगाने के बावजूद उनकी सुनवाई नहीं हुई। कालका प्रसाद ने आईजी से मामले में रिपोर्ट दर्ज कर निष्पक्ष जांच कराते हुए दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।







