Home इटावा तीन अज्ञात शवों की नहीं हो सकी शिनाख्त, रक्तदाता समूह ने पुलिस...

तीन अज्ञात शवों की नहीं हो सकी शिनाख्त, रक्तदाता समूह ने पुलिस की मौजूदगी में कराया अंतिम संस्कार

ETAWA NEWS: जनपद के भरथना, इकदिल और जसवंतनगर थाना क्षेत्रों में मिले तीन अज्ञात व्यक्तियों के शवों की पहचान निर्धारित समय तक नहीं हो सकी। पुलिस द्वारा लगातार प्रयास किए जाने के बावजूद जब कोई परिजन सामने नहीं आया, तब पुलिस की मौजूदगी में सामाजिक संस्था रक्तदाता समूह के सदस्यों ने यमुना घाट पर तीनों का पूरे सम्मान के साथ अंतिम संस्कार कराया। भरथना थाना क्षेत्र में दिल्ली-हावड़ा रेलवे ट्रैक पर नगला बंधा के पास एक अज्ञात युवक का शव मिला था, जिसकी सूचना सूबेदारगंज एक्सप्रेस के चालक ने स्टेशन मास्टर को दी थी। वहीं, इकदिल थाना क्षेत्र के ग्राम रितौर के समीप घायल अवस्था में मिले एक अज्ञात बुजुर्ग को ग्रामीणों ने जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। तीसरा युवक 17 जुलाई को जसवंतनगर थाना क्षेत्र में रेलवे ट्रैक के पास घायल मिला था। पुलिस ने उसे सैफई मेडिकल यूनिवर्सिटी में भर्ती कराया, जहां 30 जुलाई को उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। शव कई दिनों तक मोर्चरी में सुरक्षित रखे जाने के बाद भी उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी। अंततः पुलिस की उपस्थिति में रक्तदाता समूह के सदस्य विमलेश तिवारी, राजेश दुबे, जीतू कुशवाहा, शरद तिवारी, सौरभ परिहार और आदित्य प्रताप ने तीनों अज्ञात मृतकों का यमुना घाट पर विधि-विधान से अंतिम संस्कार कराया। सामाजिक संस्था के इस मानवीय कार्य की स्थानीय लोगों ने सराहना की।