Home उत्तर प्रदेश डीजल तथा पेट्रोल के दामों में शतक की बढ़ोत्तरी मोदी सरकार का...

डीजल तथा पेट्रोल के दामों में शतक की बढ़ोत्तरी मोदी सरकार का छलावा- प्रमोद तिवारी

कांग्रेस विधानमण्डल दल की नेता एवं राज्यसभा में विपक्ष के उपनेता ने मंहगाई को लेकर पीएम मोदी पर किया तगड़ा वार
PRATAPGARH NEWS: राज्यसभा में विपक्ष के उपनेता प्रमोद तिवारी तथा कांग्रेस विधानमण्डल दल की नेता आराधना मिश्रा मोना ने सोमवार को भी डीजल तथा पेट्रोल के दामों में बढ़ोत्तरी को केन्द्र की मोदी सरकार द्वारा जनता के साथ अब तक का सबसे बड़ा छल और विश्वासघात कहा है। सांसद प्रमोद तिवारी एवं विधायक मोना ने कहा है कि मोदी सरकार की गलत नीतियों और अदूरदर्शिता के कारण देश रोज मंहगाई की पीड़ा से कराह रहा है। नेताद्वय ने कहा कि पांच राज्यों के चुनाव बीतने के कुछ ही दिन के अंदर पेट्रोल और डीजल के दामों में दस दिन में चार बार बढोत्तरी मंहगाई को लेकर जनता पर गहरा जख्म है। सांसद प्रमोद तिवारी एवं विधायक मोना ने कहा कि पन्द्रह मई से पचीस मई के भीतर चार बार दामों में बढोत्तरी के तहत जनता को पेट्रोल और डीजल के दामों में साढ़े सात रूपये प्रति लीटर का बोझ उठाना पड़ा है। विपक्ष के उपनेता प्रमोद तिवारी ने पीएम मोदी पर कड़ा तंज कसते हुए कहा कि संभवतः टी-20 से प्रेरणा लेने वाले प्रधानमंत्री ने पेट्रोलियम पदार्थो के दामों में शतक लगा ही दिया। उन्होने कहा कि प्रधानमंत्री की देश के प्रति यह जबाबदेही है कि 2014 में यूपीए सरकार में लगभग एक सौ पचीस डॉलर प्रति बैरल कच्चा तेल खरीदकर भी पेट्रोल की कीमत 70.41 रूपये प्रतिलीटर व डीजल 55.49 रूपये प्रतिलीटर से ऊपर मनमोहन सिंह सरकार ने कैसे दाम नहीं बढ़ने दिया था। कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी ने कहा कि इस समय मोदी सरकार के कार्यकाल में 98.01 डॉलर प्रति बैरल कच्चा तेल खरीदकर पेट्रोल 102.12 रूपये प्रति लीटर तथा डीजल 95.20 रूपये प्रति लीटर में बेंचकर जनता को मंहगाई का करारा झटका दिन प्रतिदिन दिया जा रहा है। उन्होने कहा कि पेट्रोल और डीजल की कीमत बढ़ने से माल भाड़ा, यात्रा किराया और बाजार में जरूरत की चीजों में भी मंहगाई की बढ़ोत्तरी जनता के लिए कठिन हालात लिए हुए है। उन्होने तीखे व्यंग के साथ कहा कि पीएम मोदी ने आखिर मंहगाई मैन के रूप में अपनी स्वर्णिम पहचान बनाकर देश की जनता को अच्छे दिन का मतलब समझा ही दिया है। कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी एवं विधायक आराधना मिश्रा मोना ने सबसे तीखा सवाल उठाया है कि पीएम मोदी के कुछ चुनिन्दा मित्रों ने लगभग अटठाईस से तीस लाख करोड रूपये का शुद्ध मुनाफा पुराना घाटा पूरा करने के बाद कमाया है। उन्होने कहा कि मोदी सरकार ने यह कहा था कि भविष्य के लिए इन कंपनियों को संकट से उबरने के लिए तैयार किया जा रहा है। सांसद प्रमोद तिवारी एवं विधायक आराधना मिश्रा ने सवाल दागा कि जिन कंपनियों को संकट के समय तैयार करने के लिए पीएम मोदी की सरकार ने यह मुनाफा कमवाया था आखिर वे आज हैं कहां? सांसद प्रमोद तिवारी ने कहा कि यह कंपनियां जनता को राहत देने के लिए सामने क्यों नहीं आ रही हैं। सांसद प्रमोद तिवारी ने कहा कि जनता पीएम मोदी के द्वारा पेट्रोलियम दामों में राहत देने की जगह जनता के बीच दो गाड़ियों में चलने का फोटो रील तैयार करने का सियासी ड्रामा देख चुकी है। उन्होने कहा कि प्रधानमंत्री को पेट्रोल और डीजल के दामों में अंकुश लगाने के साथ दाम बढ़ोत्तरी को फौरन वापस लेना चाहिए। सांसद प्रमोद तिवारी एवं विधायक आराधना मिश्रा मोना ने कहा कि मंहगाई के जरिए देश की जनता के साथ लगातार धोखा और विश्वासघात मोदी सरकार का अक्षम्य अपराध है। कांग्रेस सांसद एवं विधायक का संयुक्त बयान सोमवार को यहां मीडिया प्रभारी ज्ञानप्रकाश शुक्ल के हवाले से निर्गत हुआ है।