JHANSI NEWS: निशुल्क प्रशिक्षण शिविर का भव्य समापन समारोह जिला कुश्ती संघ के अध्यक्ष मनमोहन गेड़ा की अध्यक्षता में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अनुराग शर्मा सांसद झांसी ललितपुर एवं जबकि विशिष्ट अतिथि रामतीर्थ सिंघल विधान परिषद सदस्य की गरिमामयी उपस्थित में समारोह सम्पन्न हुआ।
जिला कुश्ती संघ के तत्वावधान में मेजर ध्यानचंद स्टेडियम में आयोजित एक माह के निशुल्क कुश्ती प्रशिक्षण शिविर का समापन समारोह खलीफाओं के सम्मान के साथ बड़े ही भव्य एवं गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ। अतिथियों का स्वागत मोनी पहलवान एवं डॉ. सुदर्शन शिवहरे द्वारा किया गया। एक माह तक चले इस निशुल्क प्रशिक्षण शिविर में 58 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। शिविर में राष्ट्रीय स्तर के मानकों के अनुरूप खिलाड़ियों को संतुलित डाइट प्लान, नियमित रियाज़, शारीरिक क्षमता विकास तथा कुश्ती के उच्च स्तरीय दांव-पेंचों का विशेष प्रशिक्षण प्रदान किया गया। प्रशिक्षकों ने खिलाड़ियों को तकनीकी रूप से दक्ष बनाने के साथ-साथ अनुशासन, आत्मविश्वास एवं खेल भावना का भी पाठ पढ़ाया।
समापन अवसर पर सभी प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र, टी-शर्ट एवं अन्य उपहार प्रदान कर सम्मानित किया गया। साथ ही प्रशिक्षक जमुना प्रसाद कुशवाहा, पीटर सैमुअल, महेंद्र पहलवान, शौकत अली, चंद्र प्रकाश राय, मेहरबान यादव, जितेंद्र शर्मा, सुल्तान अहमद एवं सिंधी पहलवान को विशेष सम्मान प्रदान किया गया।
मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन में कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण शिविर खिलाड़ियों की प्रतिभा को निखारने और उन्हें राष्ट्रीय स्तर तक पहुँचाने में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि निरंतर अभ्यास, अनुशासन और समर्पण ही सफलता का मूल मंत्र है। अध्यक्षीय उद्बोधन में जिला कुश्ती संघ के अध्यक्ष मनमोहन गेड़ा ने कहा कि झांसी की धरती सदैव वीरता और परिश्रम की प्रतीक रही है तथा कुश्ती हमारी गौरवशाली परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने कहा कि जिला कुश्ती संघ का उद्देश्य झांसी की प्रतिभाओं को उत्कृष्ट प्रशिक्षण एवं उचित अवसर प्रदान कर उन्हें राज्य, राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर झांसी का नाम रोशन करने के लिए तैयार करना है। उन्होंने यह भी कहा कि संघ भविष्य में भी खिलाड़ियों के सर्वांगीण विकास हेतु ऐसे प्रशिक्षण शिविरों का निरंतर आयोजन करता रहेगा। कार्यक्रम का संचालन सचिव सुंदर ग्वाला ने किया। समारोह में राम सिंह सिकोरिया, रामकिशन निरंजन, सुनील कुमार, केडी गुप्ता, उमाशंकर राय, आदर्श गुप्ता सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं खेल प्रेमी उपस्थित रहे।
अंत में बैदेही शरण सरावगी एवं अशोक अग्रवाल (पीएनबी) द्वारा सभी अतिथियों, प्रशिक्षकों, खिलाड़ियों, सहयोगियों, मीडिया प्रतिनिधियों एवं उपस्थित खेल प्रेमियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।







